रामगढ़: रजरप्पा थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटकी पोना से ट्रैक्टर चोरी के एक मामले का उद्भेदन करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। जिनकी निशानदेही पर पुलिस  ने हजारीबाग जिले के इचाक थाना अंतर्गत घाघरा से ट्रैक्टर को बरामद किया है। मिली जानकारी के अनुसार रजरप्पा थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटकी पोना निवासी रोहित महतो पिता जागेश्वर महतो ने अपने स्वराज ट्रैक्टर (JH 01 DH 7233) की चोरी के संबंध में रजरप्पा थाना में आवेदन दिया था। जिसमें उन्होंने घर के बाहर खड़े ट्रैक्टर चोरी की शिकायत की थी। रजरप्पा थाना में कांड संख्या 172/25 दर्ज करते हुए पुलिस ने छानबीन शुरू की।

अनुसंधान के क्रम में पुलिस को जानकारी मिली की अनगड़ा पुलिस ने ट्रैक्टर चोरी गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में होटवार जेल भेजा है। जिसमें सौरभ सिंह पिता रतन सिंह  निवासी रामगढ़ कैंट बिजुलिया तालाब जिला रामगढ़, विशाल राज पिता राजेंद्र कुमार मेहता निवासी चिरौंदी बोरियो थाना बरियातू जिला रांची,  शंकर कुमार पिता स्वर्गीय जगदीश महतो निवासी सिंदूर थाना कोर्रा जिला हजारीबाग और दिगंबर कुमार पिता विजय महतो निवासी बड़की कारीमाटी थाना इचाक जिला हजारीबाग शामिल हैं।

पुलिस अधीक्षक रामगढ़ अजय कुमार के निर्देश पर चारों अभियुक्तों को न्यायालय से 48 घंटे के रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। जिसमें उन्होंने स्वराज ट्रैक्टर की चोरी की बात स्वीकार की। उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर को हजारीबाग के घाघरा गांव में छिपाकर रखा गया है। अभियुक्तों की निशानदेही पर 17 दिसंबर को रामगढ़ पुलिस ने इचाक थाना के सहयोग से ट्रैक्टर को बरामद किया। इसके साथ ही अभियुक्तों को न्यायालय में उपस्थित किया गया। जहां से उन्हें पुनः होटवार जेल भेज दिया गया।

By Admin

error: Content is protected !!