सशक्त परिवार का आधार होती है स्वस्थ नारी : रोशन लाल चौधरी
रामगढ़: जिले में स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार अभियान का शुभारंभ बुधवार को सदर अस्पताल में जिला स्तरीय कार्यक्रम के साथ हुआ। अवसर पर विधायक बड़कागांव रोशन लाल चौधरी, जिला परिषद अध्यक्ष सुधा देवी, उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, सिविल सर्जन डॉ. महालक्ष्मी प्रसाद, सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल सहित स्वास्थ्य पदाधिकारी और चिकित्सकों द्वारा दीप प्रज्वलित कर विधिवत रूप से अभियान का शुभारंभ किया गया।यह अभियान 17 सितंबर से आगामी 2 अक्टूबर तक संचालित रहेगा।
वहीं कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक बड़कागांव रोशन लाल चौधरी ने कहा की स्वस्थ नारी ही सशक्त परिवार का निर्माण कर सकती है। मौके पर उन्होंने अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए सभी से अभियान से जुड़ने की अपील की वहीं जिला परिषद अध्यक्ष ने विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से सभी को स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान से संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी। कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त ने सभी को स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के संबंध में विस्तृत जानकारी दी एवं अभियान के सफल आयोजन हेतु किए जाने वाले विभिन्न कार्यों से सभी को अवगत कराया।
बताया जाता है कि यह विशेष अभियान महिलाओं के स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने, परिवार को सशक्त बनाने और राष्ट्र के स्वास्थ्य परिदृश्य में सकारात्मक बदलाव लाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। यह पहल 8वें राष्ट्रीय पोषण माह एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से भी जुड़ी है। इसके तहत महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य संबंधी जांच और स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएंगी। उनके बेहतर स्वास्थ्य और स्वास्थ्य जीवनशैली को लेकर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। महिला तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुलभ और अभियान में आम नागरिकों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी।
