| बुलडोजर से कई निजी निर्माण ध्वस्त, लोग रहे परेशान |
रामगढ़: झारखंड उच्च न्यायालय के आदेश का अनुपालन करते हुए जिला प्रशासन ने गुरुवार को पतरातू प्रखंड के हेसला में अतिक्रमण हटाने की कवायद शुरू की। जिसके तहत झारखंड औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार को हस्तांतरित पीटीपीएस की जमीन से अतिक्रमण हटाने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी जनता नगर पहुंचे। जहां पीटीपीएस के क्वार्टरों में रह रहे लोगों को क्वार्टर खाली करने का निर्देश दिया। साथ ही बुलडोजर के जरिए यहां व्यक्तिगत रूप से किए कई निजी निर्माण भी ध्वस्त कर दिए गए। इस दौरान स्थानीय लोगों की काफी भीड़ जमी रही और घंटों कौतूहल का माहौल बना रहा। अभियान के दौरान कई लोग क्वार्टर खाली कर परिवार समेत अन्यत्र जाते भी देखे गए। जबकि कई लोग अधिकारियों से मोहलत देने की गुजारिश भी करते दिखे। गए। प्रशासन द्वारा अचानक चलाए गए मुहीम से स्थानीय लोग काफी व्याकुल और बेहद चिंतित दिखे।
मुख्यमंत्री से विधायक ने की मुलाकात, मिली मोहलत
अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी ने रांची में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। जहां उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र देकर स्थानीय लोगों को समय देने का आग्रह किया। चर्चा है कि लोगों को स्वयं अतिक्रमण हटाने और जगह खाली करने के लिए 8-10 दिनों की मोहलत दी गई है। वहीं मामले पर विधायक रोशन लाल चौधरी ने मीडिया से कहा कि वर्षों से रह रहे लोगों को राज्य सरकार और जिला प्रशासन द्वारा अचानक से हटाया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। एकाएक परिवार और सामान लेकर लोग कहां जाएंगे। इस संबंध में जिला के वरीय पदाधिकारियों से कल बात हुई थी। उन्होंने बताया कि झारखंड हाईकोर्ट और राज्य सरकार का आदेश है। विधायक ने आगे कहा कि मामले को लेकर मैंने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर यहां के लोगों को समय देने के साथ ही उनके पुनर्वास पर विचार करने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को फिलहाल अभियान स्थगित करने के आदेश दिए हैं। आगे भी इसपर वार्ता की जाएगी।
अभियान में ये अधिकारी रहे शामिल
अभियान में रामगढ़ अनुमंडल पदाधिकारी अनुराग तिवारी, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी जिला आपूर्ति पदाधिकारी रामगढ़ रंजिता टोप्पो, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी पतरातू मनोज कुमार गुप्ता, एई (शिक्षा विभाग) रामगढ़ आलोक राज, कनीय अभियंता लघु सिंचाई रामगढ़ अजय कुमार, कार्यपालक दण्डाधिकारी अनुमंडल रामगढ़ अंबिका कुमारी, अंचलिधिकारी पतरातु मनोज कुमार चौरसिया, प्राक्कलन पदाधिकारी आरईओ रामगढ़ राहुल तमसोय, कनीय अभियंता मनरेगा रौशन राज, अंचलाधिकारी चितरपुर दीपक मिंज, अंचलाधिकारी मांडू तृप्ति विजया कुजूर, जेई रामगढ़ (शिक्षा विभाग) अमित कुमार, कनीय अभियंता, लघु सिंचाई रामगढ़ हरीश कुमार, भूमि सुधार उपसमाहर्ता रामगढ़ दिप्ती प्रियंका कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी दुलमी अमित कुमार मिश्रा, सहायक अभियंता लघु सिंचाई रामगढ़ ब्रजेश कुमार महतो, कनीय अभियंता मनरेगा पतरातू अविनाश करमाली समेत एसडीपीओ पतरातू गौरव गोस्वामी, इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार, पतरातू थाना प्रभारी शिवलाल गुप्ता, बासल थाना प्रभारी कैलाश कुमार, भुरकुंडा ओपी प्रभारी उपेंद्र कुमार, भदानीनगर ओपी प्रभारी अख्तर अली, बरकाकाना ओपी प्रभारी उमाशंकर वर्मा बदल शामिल रहे।
