आक्रोशित लोगों ने सुभाष चौक पर सड़क किया जाम

रामगढ़: बीते 17 सितंबर से लापता युवक सोनू राम की हत्या का मामला प्रकाश में आया है। रामगढ़ थाना अंतर्गत शहर के धांधार पोखर में पुलिस ने गुरुवार की शाम युवक का कंकाल कई टुकड़ों में बरामद किया है। यहां एक कुएं समेत आसपास की झाड़ियों से अस्थियां बरामद हुई हैं। तीन माह पूर्व ही हत्या किए जाने की बात सामने आ रही है। मामले में रंजीत सिंह नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। 

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार कैंट क्वार्टर निवासी सोनू कुमार (23 वर्ष) पिता विजय राम बीते 17 सितंबर को घर से निकला था और फिर वापस नहीं लौटा। परिजनों ने रामगढ़ थाना में गुमशुदगी को लेकर आवेदन दिया था और खोजबीन जारी थी। इधर पुलिस की विशेष टीम ने अनुसंधान करते हुए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मेडिकल पेशे से जुड़े स्थानीय रंजीत सिंह को पकड़कर पूछताछ की। जिसके स्वीकारोक्ति बयान और निशानदेही पर युवक की अस्थियां कई टुकड़ों में बरामद की गई। हालांकि हत्या की वजह और घटनाक्रम के संबंध में आधिकारिक रूप से कुछ स्पष्ट नहीं किया जा सका है। पुलिस की जांच पड़ताल फिलहाल जारी है। 

वहीं हत्याकांड से आक्रोशित युवक के परिजन और स्थानीय लोगों ने शुक्रवार की सुबह शहर के सुभाष चौक पर मेन रोड को तकरीबन तीन घंटे जाम कर दिया। लोग आरोपित को कड़ी से कड़ी सजा और मृतक के परिजनों को अविलंब मुआवजा देने की मांग पर अड़ गए। मामले की जानकारी पर अनुमंडल पदाधिकारी रामगढ़ अनुराग तिवारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। जहां उन्होंने लोगों को समुचित मुआवजे का आश्वासन दिया। जिसपर लोगों जाम हटा लिया गया।

By Admin

error: Content is protected !!