• वेस्टर्न कोलफील्ड लिमिटेड के जीएम दिनेश बिसेन रहे शामिल
• प्रतियोगिता से संबंधित व्यवस्था को लेकर की गई रायशुमारी
भुरकुंडा (रामगढ़): ऑल इंडिया माइंस रेस्क्यू कंपटीशन 2026 को लेकर मंगलवार को अधिकारियों के एक दल ने भुरकुंडा के बांसगढ़ा भूमिगत खदान का जायजा लिया। दल में वेस्टर्न कोलफील्ड लिमिटेड के महाप्रबंधक (रेस्क्यू/सेफ्टी) दिनेश बिसेन, आईएसओ सीसीएल सी.बी. प्रसाद और जीएम सेफ्टी सीसीएल बिनोद कुमार शामिल रहे। अधिकारियों के आगमन पर भुरकुंडा परियोजना पदाधिकारी कुमार राकेश सत्यार्थी ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। इस दौरान सीसीएल बरका-सयाल प्रक्षेत्र और माइंस रेस्क्यू स्टेशन रामगढ़ के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

प्रतियोगिता के दौरान व्यवस्था के मद्देनजर अधिकारियों ने बांसगढ़ा और हाथीदाड़ी माइंस के निकट स्थल का अवलोकन किया। साथ ही प्रतिभागी टीमों के ठहरने की जगह, वाहनों के लिए पार्किंग स्थल सहित अन्य सुविधाओं को लेकर रायशुमारी की गई। इसके साथ ही अधिकारी बांसगढ़ा भूमिगत खदान के अंदर भी गए और रेस्क्यू डेमोंस्ट्रेशन प्वाइंट का जायजा भी लिया।
बताया जाता है कि कोल इंडिया स्तरीय ऑल इंडिया माइंस रेस्क्यू कंपटीशन का आयोजन आगामी नवंबर माह में प्रस्तावित है। रांची के खेलगांव में प्रतियोगिता का मुख्य रूप से आयोजन होगा। जबकि प्रतियोगिता के अंतर्गत अंडरग्राउंड माइंस रेस्क्यू कंपटीशन के लिए भुरकुंडा के बांसगढ़ा माइन खदान का चयन किया गया है। प्रतिस्पर्धा में कोल इंडिया की अनुषंगी कंपनियों के अलावा कई अन्य कंपनियों की टीमें भी भाग लेंगी।
मौके पर आईएसओ सीसीएल सी. बी. प्रसाद, जीएम सेफ्टी सीसीएल बिनोद कुमार, बरका-सयाल एरिया सेफ्टी ऑफिसर ए. के. शर्मा, रविरंजन, व्योमकेश कुमार, अभिनव आनंद, विकास कुमार, शुभम शौर्य सहित अन्य उपस्थित थे।
