चोरी के आभूषण समेत 15 हजार रुपये बरामद
रामगढ़: पुलिस ने पटेलनगर सीसीएल कॉलोनी निवासी संतोष कुमार मिश्रा के बंद घर में ताला तोड़कर की चोरी का उद्भेदन कर दिया है। मामले में पुलिस ने तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। जिसमें चंदन कुमार (34वर्ष) पिता स्वर्गीय कन्हैया साव निवासी शास्त्री चौक, राहुल वर्मा (22वर्ष) पिता उमेश प्रसाद वर्मा निवासी सुंदरनगर और अभिषेक सोनी (25 वर्ष) पिता दिलीप सोनी निवासी सुंदरनगर समेत दो नाबालिग किशोर शामिल हैं। तीन अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। जबकि दोनों नाबालिग किशोर बाल सुधार गृह भेजे जाएंगे।

इस संबंध में पतरातू सर्किल इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार ने भुरकुंडा ओपी में रविवार को आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि पटेलनगर निवासी संतोष कुमार मिश्रा के बंद घर का ताला तोड़कर चोरी कर ली गई थी। इस संदर्भ में पतरातू (भुरकुंडा) थाना में कांड संख्या 42/2026, दिनांक 19.02.2026 धारा 305(a)/331(4) BNS 2023 दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक रामगढ़ ने काण्ड के उदभेदन हेतु अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी पतरातू गौरव गोस्वामी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम के द्वारा तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर अनुसंधान प्रारंभ किया गया। अनुसंधान के क्रम में गठित टीम के द्वारा छापामारी कर चोरी किए गये सोने का कंगन, एक जोड़ा पायल, एक जोड़ा दुल्हन बिछिया, चांदी का चेन, एक जोड़ा चांदी की बिछिया, चांदी की अंगूठी, क्रिस्टल माला, सिटी गोल्ड चेन, 15 हजार रुपये और सोने के गहनों को गलाकर तैयार ठोस धातू बरामद किया गया है।
बताया जाता है कि दोनों नाबालिग किशोरों के द्वारा चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। जबकि चंदन कुमार और अभिषेक ने चोरी के गहनों को सोनार राहुल वर्मा के पास बेचने का काम किया। छापामारी दल में बासल थाना प्रभारी कैलाश कुमार, भुरकुंडा ओपी प्रभारी उपेंद्र कुमार, भदानीनगर ओपी प्रभारी अख्तर अली, पतरातू थाना प्रभारी शिवलाल गुप्ता सदलबल शामिल थे।
