खूंटी: पुलिस ने तोरपा थाना अंतर्गत उर्मी मैदान के पास बरामद शव की शिनाख्त करते हुए हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। मृतक की पहचान रांची के बयांगडीह बुलटोली के रहनेवाले पौधा मुंडा के रूप में हुई है। पुलिस ने अनुसंधान के क्रम में छापेमारी कर मृतक की पत्नी ममता देवी उसके प्रेमी सुकवा मुंडा और सहयोगी दुबी मुंडा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू, एक बिना नंबर का टाटा मैजिक वाहन, एक बाइक और तीन मोबाईल बरामद किया है। टाटा मैजिक के मैट पर खून के धब्बे भी पाए गए हैं। 

मृतक की पत्नी ममता देवी ने पुलिस को दिए स्वीकारोक्ति बयान में बताया कि पौधा मुंडा से उसकी अक्सर अनबन होती थी। इस बीच उसका प्रेम प्रसंग बयांगडीह के ही सुकवा मुंडा से चलने लगा। उन दोनों ने सहयोगी दुबी मुंडा के साथ मिलकर पौधा मुंडा की हत्या करने की योजना बनाई। उसकी हत्या कर उन्होंने टाटा मैजिक वाहन से शव को तोरपा थाना क्षेत्र के उर्मी गांव के निकट मैदान के पास फेंक दिया।

छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी तोरपा  खिस्तोफर केरकेट्टा, पुलिस निरीक्षक तोरपा अंचल अशोक कुमार सिंह, थाना प्रभारी तोरपा मुकेश कुमार हेंब्रम सदलबल शामिल थे।

By Admin

error: Content is protected !!