गिरिडीह: राजधनवार प्रखंड में बाल श्रम के विरुद्ध चलाए जा रहे पैन इंडिया रेस्क्यू एंड रिहेबलिटेशन कैंपेन के तहत तीन बाल मजदूरों को मुक्त कराया गया है। धावा दल ने अभियान चलाकर राजधनवार प्रखंड के हिन्दुस्तान गैरेज और रॉकस्टार होटल में छापेमारी कर तीन बाल मजदूरों को मुक्त कराया और बच्चों को आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

अभियान का नेतृत्व श्रम प्रवर्तन अधिकारी राजधनवार दीपिका कुमारी द्वारा किया गया। धावा दल ने सूचना के आधार पर एक सर्विस सेंटर तथा एक होटल में छापेमारी की, जहां कुल तीन नाबालिग बच्चों से काम कराया जा रहा था। जांच के दौरान यह पाया गया कि बच्चा बाल श्रम की स्थिति में कार्य कर रहा था, जिसके बाद उसे तुरंत वहां से मुक्त कराया गया।

मुक्त कराए जाने के बाद बच्चों को आवश्यक देखभाल और कानूनी प्रक्रिया के तहत बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसके पुनर्वास और आगे की सहायता के लिए आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे। अधिकारियों ने बताया कि बाल श्रम एक गंभीर अपराध है और इसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अभियान में जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन नेटवर्क के सहयोगी संगठन बनवासी विकास आश्रम, गिरिडीह की टीम ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संस्था की ओर से उत्तम कुमार कार्यक्रम समन्वयक, उज्जवल मिश्रा, रूपा कुमारी तथा उत्तम कुमार सिंह सामुदायिक कार्यकर्ता सहित अन्य सदस्य मौजूद थे। 

इस दौरान श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने स्थानीय लोगों और दुकानदारों को भी जागरूक करते हुए बताया कि 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों से किसी भी प्रकार का श्रम कराना कानूनन अपराध है। यदि कहीं भी बाल श्रम की जानकारी मिले तो तुरंत प्रशासन या संबंधित विभाग को सूचित करें, ताकि बच्चों को सुरक्षित वातावरण और शिक्षा का अधिकार मिल सके।

By Admin

error: Content is protected !!