गिरिडीह: शहर के महावीर कुटिया मंदिर में तीन दिवसीय हनुमान जन्मोत्सव गुरुवार को श्रद्धा और भक्तिभाव से संपन्न हुआ। महावीर कुटिया मंदिर सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। हनुमान जन्मोत्सव कार्यक्रम में पहले दिन 24 घंटे का अखंड हनुमान चालीसा का पाठ सात आचार्यों ने सामूहिक रूप से किया। अखंड पाठ के समापन पर हवन किया गया और ब्राह्मण भोजन कराया गया। दूसरे दिन विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान और भजन-कीर्तन किया गया।
कार्यक्रम के अंतिम दिन गुरुवार को सुबह 31 किलो दूध से बालाजी महाराज का अभिषेक किया गया। जिसमें भक्तों ने पूरे श्रद्धा भाव से भाग लिया। इसके साथ ही सामूहिक सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। जिसका वाचन सुनील केडिया द्वारा किया गया तथा दीपक (पप्पू) झुनझुनवाला द्वारा ज्योत प्रज्वलित की गई। वहीं दोपहर में आयोजित बालाजी महाराज की रसोई (भंडारा) में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। शाम 4:00 बजे से 7:00 बजे तक सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ किया गया, जिसमें भक्तों ने एक स्वर में भगवान हनुमा की स्तुति कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
आयोजन को सफल बनाने में फंटा जालान, मित्तू खंडेलवाल, कपु गोयनका, अमित अग्रवाल, पुनीत अग्रवाल, मुस्कान बसाईवाला, प्रमोद बसाईवाला, बदामी झुनझुनवाला, पप्पू झुनझुनवाला, नीलकमल भरतिया सहित अन्य सदस्यों का विशेष योगदान रहा।
