9 मई 2023 को अपराधियों ने मारी थी गोली
बड़कागांव: ऋत्विक कंपनी के प्रोजेक्ट को-आर्डिनेटर शरत बाबू हत्याकांड में शामिल तीन और अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में संदीप कुमार गुप्ता, करण कुमार और मनोज राणा तीनों गांव सिकरी, थाना बड़कागांव, जिला हजारीबाग निवासी शामिल हैं। अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्कूटी और यामाहा बाइक भी बरामद किया है।
शरत बाबू हत्याकांड: बीते नौ मई को 9 मई को बड़कागांव थाना अंतर्गत एनटीपीसी कार्यालय के समीप चट्टी बारियातू कोल माइंस में खनन कार्य कर रही ऋत्विक कंपनी के प्रोजेक्ट को-ऑर्डिनेटर को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। गोलीबारी में उनके अंगरक्षक राजेंद्र प्रसाद महतो गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस संदर्भ में बड़कागांव थाना कांड संख्या 156 / 23 दर्ज कर पुलिस ने मामले का उद्भेदन कर दिया है। पुलिस हत्याकांड की साजिश में शामिल छह अभियुक्तों को अबतक गिरफ्तार कर चुकी है। बताया जाता है कि बीते अप्रैल माह में कई बार अभियुक्तों ने घटनास्थल और ऋत्विक कंपनी के अधिकारियों और कर्मचारियों के आने जाने के रास्ते की रेकी की थी। 4 और 6 मई को भी रेकी की गई थी। 9 मई को हत्याकांड को अंजाम दिया गया था।
हत्याकांड में अबतक हुई गिरफ्तारी: हत्याकांड को लेकर हजारीबाग एसपी मनोज रतन चौथे के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने अनुसंधान करते हुए कांड का उद्भेदन कर लिया। पुलिस के अनुसार हत्याकांड को लेकर अमन साहू और कथित मयंक सिंह के निर्देश पर उनके गैंग के सक्रिय सदस्य चन्दन साहू गांव सांकुल, थाना पतरातू जिला रामगढ़ निवासी, मनोज राणा सिकरी, थाना बड़कागांव जिला हजारीबाग निवासी सहित उनके साथी संदीप कुमार गुप्ता और करण कुमार दोनों सिकरी बड़कागांव थाना जिला हजारीबाग निवासी, जय मंगल मिश्रा, मो. जाहिर अंसारी, अमन साव, फिरोज अंसारी, वारिस अंसारी सभी सांकुल, थाना पतरातू जिला रामगढ़ निवासी के द्वारा साजिश रची गई और हत्याकांड को अंजाम दिया गया। पुलिस ने बीते 23 मई को मो. जहीर अंसारी और जयमंगल मिश्रा दोनों को गिरफ्तार किया गया था। वहीं 26 मई को अमन साव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया था। अन्य की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।