गृहमंत्री अमित शाह ने कहा- नक्सलवाद की समस्या से जल्द मुक्त होगा देश 

हजारीबाग: एंटी नक्सल अभियान में सुरक्षाबलों और राज्य पुलिस बल को बड़ी कामयाबी मिली है। हजारीबाग जिले के गोरहर थाना क्षेत्र में आरपीएफ, 209 कोबरा बटालियन और राज्य पुलिस बल ने अभियान चलाकर तीन शीर्ष स्तर के माओवादी नक्सलियों को ढेर कर दिया है। मुठभेड़ में एक करोड़ का इनामी और एमसीसी केंद्रीय कमेटी सदस्य नक्सली सहदेव सोरेन मारा गया है। वहीं 25 लाख का इनामी रघुनाथ हेंब्रम उर्फ चंचल और 10 लाख के इनामी बीरसेन गंझू उर्फ रामखेलावन को भी सुरक्षाबलों ने ढेर कर दिया है। जबकि दो जवान आंशिक रूप से घायल बताए जाते हैं।

हजारीबाग पहुंचे झारखंड के डीजीपी अनुराग गुप्ता ने प्रेस कांफ्रेंस कर अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने तीन एके-47 हथियार समेत अन्य सामान बरामद किए हैं। सर्च अभियान लगातार चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह अप्रत्याशित उपलब्धि है। यह हमारे जवानों की जीत है। उन्होंने कहा कि इन नक्सलियों ने कई जघन्य कांडों को अंजाम दिया है। इनपर 183 बंदूकें लूटने सहित कई जवानों की हत्या का भी आरोप है। पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी के पुत्र की हत्या में भी ये शामिल थे। 

वहीं देश के गृह मंत्री अमित शाह ने भी ‘एक्स’ पर नक्सलियों के मारे जाने की जानकारी साझा करते हुए इसे सुरक्षा बलों की बड़ी उपलब्धि बताया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही देश को नक्सलवाद की समस्या से मुक्त कर लिया जाएगा। 

 

 

 

By Admin

error: Content is protected !!