अंतिम यात्रा में उमड़ा जन सैलाब, नम आंखों से दी विदाई
• मुख्यमंत्री सहित कई नेता हुए शामिल
बोकारो: झारखंड के शिक्षा मंत्री टाइगर जगरनाथ महतो शुक्रवार की शाम पंचतत्व में विलीन हो गये। उनका दाह संस्कार उनके पैतृक गांव बोकारो जिले के भंडारीदह में दामोदर घाट पर किया गया।
इससे पूर्व उनका पार्थिव शरीर भंडारीदह पहुंचने पर माहौल गमगीन हो गया। स्व. जगरनाथ महतो के आवास पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। आवास से उनकी अंतिम यात्रा निकाली गई। जिसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित सूबे के कई दिग्गज नेता और हजारों लोगों की भीड़ शामिल रही। अंतिम यात्रा में शामिल लोग बेहद भावुक होते दिखे। इस दौरान लोगों ने टाइगर जगरनाथ महतो अमर रहे के नारे भी लगाये। दामोदर नदी तट स्थित श्मशानघाट पर लोगों ने नम आंखों से अपने प्रिय नेता को अंतिम विदाई दी।
मुख्यमंत्री ने स्व. जगरनाथ महतो की पत्नी को दी सांत्वना
वहीं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित अन्य नेता ने स्व. जगरनाथ महतो के आवास पर भी पहुंचे। जहां उनकी पत्नी को सांत्वना देते हुए ढांढस बंधाया। इस दौरान मुख्यमंत्री भी भावुक होते दिखे। भंडारीदह का माहौल बेहद गमगीन रहा।
अंतिम यात्रा में ये रहे शामिल
अंतिम यात्रा में झारखंड विधानसभा के स्पीकर रबींद्रनाथ महतो, मंत्री चंपई सोरेन, मिथलेश ठाकुर, सत्यानंद भोक्ता, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, मांडू विधायक जयप्रकाश भाई पटेल, फागू बेसरा, योगेंद्र महतो सहित कई शामिल रहे।