रामगढ़: आगामी 15 दिसंबर से शुरू हो रहे धान अधिप्राप्ति को लेकर समाहरणालय सभागार में शुक्रवार को पैक्स अध्यक्षों को प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला आपूर्ति पदाधिकारी रंजीता टोप्पो ने की। प्रशिक्षण के दौरान जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने सभी को धान अधिप्राप्ति को लेकर सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही सभी को ई-पॉश मशीन के माध्यम से धान क्रय करने को लेकर विस्तृत प्रशिक्षण देते हुए उनकी दुविधाओं को दूर किया गया। प्रशिक्षण के दौरान सभी पैक्स अध्यक्षों को ई-पॉश मशीन उपलब्ध कराया गया। साथ ही सभी को अपने-अपने क्षेत्र में किसानों को बिचौलियों से सावधान रहने और धान अधिप्राप्ति केंद्र पर ही धान की बिक्री करने हेतु जागरूक करने का निर्देश दिया गया।
बताया जाता है कि धान अधिप्राप्ति के तहत जिले के 22 पैक्स केन्द्रों पर किसान अपने धान की बिक्री कर सकेंगे। इस बार पैक्स अध्यक्ष, किसान के साथ साथ जनसेवकों का भी ई पॉस मशीन मे बायोमेट्रिक लिया जायेगा। साथ ही धान उठाव करने वाले मिलर जब पैक्स में जाएंगे तब उनका भी सत्यापन मशीन मे कराया जाएगा, ताकि जितना धान पैक्स से उठाव कर मिल ले जाया गया उसकी मात्रा में गड़बड़ी न हो। वहीं धान अधिप्राप्ति केंद्र पर धान की बिक्री के पूर्व किसानों को ई उपार्जन पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा।
