उरीमारी (हजारीबाग) : डीएवी पब्लिक स्कूल उरीमारी में शनिवार को पुलवामा हमले की बरसी “ब्लैक डे” के रूप में मनाई गई। कक्षा छठी और सातवीं के विद्यार्थियों ने शहीद वीर जवानों की याद में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। जिसमें दो मिनट का मौन रख शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी गई। वहीं बच्चों ने वीर जवानों के बलिदान पर अपनी भावनाएं भी व्यक्त की। इसके उपरांत स्कूल परिसर से कैंडल मार्च निकाला गया जो चेकपोस्ट उरीमारी तक पहुंचकर संपन्न हुआ। इस दौरान मार्च में शामिल बच्चे हाथ में मोमबत्ती थामे बच्चे शहीद जवानों के सम्मान में नारे लगाते रहे।
मौके पर विद्यालय की प्राचार्या डॉ. सोनिया तिवारी ने कहा कि देश के सैनिक हमारे रक्षक और सच्चे नायक हैं। पुलवामा हमले में शहीद जवानों के बलिदान को देशवासी कभी नहीं भूल सकते। उन्होंने कहा कि बच्चों में राष्ट्रप्रेम की भावनाओं को मजबूत करना जरूरी है। बच्चे देश का भविष्य है। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
