• आक्रोशित लोगों ने सड़क किया जाम, स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग
रामगढ़: भदानीनगर ओपी क्षेत्र अंतर्गत बनगड्डा में रविवार को पतरातू-रामगढ़ फोरलेन सड़क पर हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। जबकि एक बालक घायल हो गया। मृतकों की पहचान आनंद मुंडा (30वर्ष) पिता स्व. दीपू मुंडा और प्रदीप मुंडा (45 वर्ष) पिता स्व. मंगरा मुंडा के रूप में हुई है। दोनों रामगढ़ के छोटकी मुर्राम के रहनेवाले थे।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार रविवार की शाम छोटकी मुर्राम निवासी आनंद मुंडा, प्रदीप मुंडा और एक तीन वर्षीय बच्चा अपाची बाइक (JH 24 N 5487) पर रामगढ़ की ओर से भुरकुंडा की तरफ जा रहे थे। इस क्रम में बनगड्डा महतो टोला के निकट किसी वाहन से पास लेने के दौरान बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। जिससे बाइक सवार दूसरे लेन पर जा गिरे। इसी क्रम में पतरातू से रामगढ़ की ओर जाते एक तेज रफ्तार अल्टो कार ने आनंद मुंडा और प्रदीप मुंडा को चपेट में ले लिया। हादसे के बाद कार चालक रामगढ़ की ओर भाग गया।
वहीं घटना के बाद आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए। मामले की सूचना पर पहुंची भदानीनगर पुलिस आनन-फानन में आनंद मुंडा और प्रदीप मुंडा को सदर अस्पताल ले गई। जहां उनके मौत की पुष्टि कर दी गई। जबकि घायल बच्चे का प्राथमिक उपचार भदानीनगर में एक निजी क्लिनिक में कराया गया। इसके उपरांत पुलिस ने घायल बच्चे को रामगढ़ सदर अस्पताल ले जाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। वहीं घटना के संबंध में प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मारूति अल्टो कार लाल रंग की थी और रजिस्ट्रेशन नंबर JH 01 BX 9439 है। दुर्घटना के दौरान कार का नंबर प्लेट सड़क पर ही गिर गया है।
आक्रोशित लोगों ने रामगढ़-पतरातू फोरलेन सड़क किया जाम
दुर्घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने बनगड्डा में रामगढ़-पतरातू फोरलेन सड़क को जाम कर दिया। सड़क पर बांस-बल्ली और पेड़ की टहनियां गिराकर आवागमन ठप कर दिया। इस दौरान दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। आक्रोशित लोग महतो टोला के निकट अविलंब बैरिकेडिंग करने और स्पीड ब्रेकर की मांग करने लगे। कहा गया कि यहां अक्सर दुर्घटनाएं होती है। सड़क पर एक अरसे से स्पीड ब्रेकर की मांग की जा रही है। लेकिन अबतक कोई पहल नहीं हो सकी है। वहीं मामले की सूचना पर पहुंचे भदानीनगर ओपी के एसआई मनोज मुर्मू सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने लोगों को काफी समझाने-बुझाने का प्रयास किया। तकरीबन डेढ़ घंटे गहमागहमी की स्थिति बनी रही। वहीं मामले की जानकारी पर बरकाकाना ओपी प्रभारी उमाशंकर वर्मा भी सदलबल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस के काफी समझाने-बुझाने और स्पीड ब्रेकर के आश्वासन पर लोगों ने जाम हटा लिया। जिसके बाद आवागमन सामान्य हो सका।
