रांची: रेलवे सुरक्षा बल और सीआईबी ने रांची रेलवे स्टेशन पर दो युवकों को 27 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। जिसकी अनुमानित कीमत 13.50 लाख रुपये बताई जाती है। मिली जानकारी के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे रेलवे सुरक्षा बल और सीआईबी ने स्टेशन परिसर में निगरानी बढ़ा दी।

इस दौरान ट्रॉली बैग लेकर खड़े दो युवकों की संदिग्ध गतिविधियों पर जवानों की नजर पड़ी। तलाशी के दौरान दोनों ट्रॉली बैग से गांजे के 27 पैकेट बरामद हुए। एक बैग से 13 किलो और दूसरे बैग से 14 किलो गांजा मिला। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओडिशा के सोनपुर जिले के निवासी सानंद चंद्र कुंभार (19 वर्ष) और मानस कालेत (23 वर्ष) के रूप में हुई है।

बरामद गांजा और अन्य सामान को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रांची राजकीय रेलवे पुलिस के हवाले कर दिया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।