चार इंटर की परीक्षार्थी छात्राएं समेत एक महिला घायल
रामगढ़: बरकाकाना ओपी क्षेत्र के पोचरा में बंजारी मंदिर के निकट रामगढ़-पतरातू सड़क पर शनिवार को एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। ऑटो पर अधिकांश इंटर की परीक्षा देने जा रही छात्राएं सवार थीं। दुर्घटना मेंं चार छात्राओं समेत एक महिला को चोटें आई हैं। मिली जानकारी के अनुसार सुबह तकरीबन 09:15 बजे बिना नंबर लिखा एक ऑटो बंजारी मंदिर के निकट अनियंत्रित होकर पलट गया। स्थानीय लोगों से ऑटो को सीधा किया गया। दुर्घटना में आंशिक रूप से घायल दो छात्राएं दूसरे वाहन से परीक्षा देने रामगढ़ चली गई। वहीं ज्यादा चोटिलछा त्रा सृष्टि कुमारी, छात्रा रौशनी कुमारी सहित एक महिला सरिता देवी को स्थानीय शिवम नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। महिला सरिता देवी के सिर में गंभीर चोटें आई हैं।
बताया जाता है कि सृष्टि कुमारी आर्य बाल विद्यालय बरकाकाना और रौशनी कुमारी नारायण हाई स्कूल की छात्रा है। वहीं सरीता देवी किसी काम से रामगढ़ जा रही थी।
वहीं घटना की जानकारी पर स्थानीय लोगों की भीड़ नर्सिंग होम में जमा हो गई। लोग ड्राइवर के नशे में होने की चर्चा करते आक्रोशित दिखे। मामले की सूचना पर पहुंची बरकाकाना पुलिस ने ऑटो जब्त करते हुए ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है। ऑटो पुराना है और उसपर कोई नंबर अंकित नहीं पाया गया है।