भुरकुंडा (रामगढ़): उरीमारी ओपी क्षेत्र अंतर्गत पसेरिया घाटी तालाब मोड़ पर शनिवार की शाम सड़क दुघर्टना में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। भुरकुंडा अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को रिम्स रेफर कर किया। रिम्स पहुंचने के क्रम में गंभीर रूप से घायल एक युवक ने दम तोड़ दिया। जबकि दूसरे का उपचार चल रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार बड़कागांव थाना क्षेत्र के निमियाटोला निवासी दीपक मिर्धा (17 वर्ष) पिता मन्नू तुरी और कृष्णा मिर्धा (18 वर्ष) पिता उमेश तुरी बाइक पर शाम तकरीबन 04:40 बजे पसेरिया से बड़कागांव की ओर जा रहे थे। इस क्रम में बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दुर्घटना में दीपक मिर्धा गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि कृष्णा मिर्धा के पैर में काफी चोट लगी।
इस दौरान पेट्रोलिंग कर निकले उरीमारी ओपी के सहायक अवर निरीक्षक संजय कुमार यादव को दुर्घटना की सूचना मिली। वे तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और आनन-फानन में दोनों घायलों को भुरकुंडा सीसीएल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को रिम्स रेफर कर दिया गया। इधर, जानकारी मिली है कि गंभीर रूप से घायल दीपक मिर्धा की मौत हो गई है। जबकि कृष्णा मिर्धा का उपचार चल रहा है। पुलिस ने मामले की जानकारी युवकों के परिजनों को दे दी है।
