रामगढ़: भदानीनगर ओपी क्षेत्र अंतर्गत बनगड्डा में सोमवार की शाम एक अनियंत्रित बोलेरो सड़क से उतर कर खेतों में जा पलटी। दुर्घटना में वाहन चालक सहित दो महिलाएं घायल हो गयीं। जिन्हें इलाज के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल ले जाया गया है। घटना शाम 05: 30 बजे की बताई जाती है। 

मिली जानकारी के अनुसार पतरातू-रामगढ़ फोरलेन पर बोलेरो (JH11 D 7009) पतरातू से रामगढ़ की तरफ जा रही थी। इस क्रम में बनगड्डा करमाली टोला के निकट तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गई और कई फीट दूर खेत में जाकर पलट गई। दुर्घटना में वाहन पर सवार धनबाद निवासी रविंद्र चौरसिया, माया चौरसिया और सुनीता देवी गंभीर रूप से घायल हो गए।

मामले की सूचना मिलते ही भदानीनगर ओपी प्रभारी अख्तर अली सदलबल पहुंचे। जहां स्थानीय लोगों के सहयोग से घायलों को वाहन से निकाला गया और एंबुलेंस पर रामगढ़ सदर अस्पताल भेज दिया गया। वहीं स्थानीय लोगों ने कहा कि यहां अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। प्रशासन को अविलंब यहां स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था करनी चाहिए।

By Admin

error: Content is protected !!