झारखंड में चल रही भ्रष्टाचारियों की सरकार : अश्विनी चौबे
रांची: मोदी सरकार भ्रष्टाचारियों पर नकेल कस रही है। यही कारण है कि सभी ठगबंधन के बहाने एक मंच पर आ रहे हैं। लेकिन जनता का भरोसा प्रधानमंत्री मोदी पर है। 2024 में पुनः पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनाएगी। यह बातें केंद्रीय खाद्य आपूर्ति, वन-पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री अश्विनी चौबे रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही। केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे दो दिवसीय दौरे पर रविवार को झारखंड पहुंचे। यहां उन्होंने भाजपा झारखंड प्रदेश के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। वही प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि झारखंड की सरकार अक्षम साबित हुई है। जनता से किये एक भी वादे को पूरा नहीं कर सकी है। राज्य की भ्रष्टाचारी सरकार दलित, आदिवासी, पिछड़ा, महिला, गरीब सभी की विरोधी है। ऐसी सरकार को सत्ता में बने रहने का अधिकार नहीं है।
उन्होंने कहा कि अगले 30 मई को केंद्र की नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही एनडीए सरकार के 9 वर्ष पूरे हो रहे हैं और प्रधानमंत्री जी की सोच है कि राज्यों का संपूर्ण विकास हो खासकर नॉर्थ ईस्ट के राज्य जो पीछे रहे हैं उन पर केंद्र सरकार का ज्यादा ध्यान है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार प्रधानमंत्री जी के सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास और सब का प्रयास के मूल मंत्र पर चल रही है। उन्होंने कहा कि आज केंद्र से 100 रूपये चलकर आता है और पूरे का पूरा 100 रूपया लाभार्थियों तक ही पहुंच रहा है। कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा 350 से अधिक सीट जीतकर केंद्र में सरकार बनायेगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक एवं प्रवक्ता अविनेश सिंह उपस्थित रहे।