रामगढ़: वैष्णवी महिला समिति पतरातू के तत्वावधान में रविवार को पतरातू लेक रिसोर्ट सरोवर विहार में सावन मिल महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुखिया नूतन सिंह और संचालन उच्च न्यायालय की अधिवक्ता प्रियंका तिवारी ने किया।
महोत्सव की शुरुआत समिति की महिलाओं ने संयुक्त रूप से केक काटकर की। इसके साथ ही रंगारंग और सांस्कृतिक कार्यक्रम का दौर शुरू हुआ। अवसर पर अंताक्षरी, मेंहदी प्रतियोगिता सहित कई इंडोर गेम्स का आयोजन किया गया। जिसमें महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इसके उपरांत उन्होंने नृत्य-संगीत का भी भरपूर आनंद उठाया।
अवसर पर मुखिया नूतन सिंह ने कहा कि समिति पिछले तीन वर्षों से सावन माह में मिलन महोत्सव का आयोजन करती आ रही है। जिसमें शामिल होकर सुहागिन महिलाएं हरे-भरे सावन माह का आनंद उठाती हैं और एक दूसरे के हरे-भरे और सुखमय जीवन की कामना करती हैं।
महोत्सव के सफल आयोजन में अंजलि सिंह, नेहा कुमारी, पिंकी कुमारी, दीपा, बॉबी सिंह, पूजा कुमारी, सोनी कुमारी सहित अन्य ने सराहनीय योगदान दिया।