रांची: बेड़ो थाना क्षेत्र अंतर्गत जहानाबाज गांव के तालाब में डूबने से स्थानीय रामसेवक महतो (55वर्ष) की मोत हो गई। सूचना पर पहुंची बेड़ो पुलिस के सहयोग से शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने छानबीन कर शव कब्जे में ले लिया।  घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार पेशे से दिहाड़ी मजदूर रामसेवक महतो तालाब पर नहाने के दौरान डूब गए।

घटना की जानकारी पर ग्रामीण तालाब के पास जुट गए।  मामले की सूचना पर बेड़ो थाना प्रभारी नकुल साह और एएसआई एल.एम. पाण्डेय सदल बल घटनास्थल पर पहुंचे और शव निकालने की कवायद शुरू। एएसआई एल.एम पांडेय भी अन्य ग्रामीणों के साथ तालाब में उतरे। पानी में काफी खोजबीन के बाद मृतक का शव तालाब से बाहर निकाला गया।

मृतक पेशे से दिहाड़ी मजदूर था। वह अपने पीछे पत्नी और दो पुत्र छोड़ गया है। मृतक की चार बेटियां भी है, जिनका विवाह हो चुका है। मृतक घर का एकमात्र कमाउ शख्स बताया जाता है। मौत से गांव में शोक व्याप्त है।