रामगढ़ विधानसभा में 72.22 प्रतिशत हुआ मतदान, 

रामगढ़: विधानसभा चुनाव 2024 के तहत बुधवार को दूसरे चरण के तहत रामगढ़ विधानसभा में मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। चुनाव को लेकर वोटरों में खासा उत्साह देखा गया। मॉक पोल के उपरांत सुबह सभी पोलिंग बूथ पर मतदान शुरू हो गया। सुबह से ही बूथ पर लोगों ने कतारबद्ध होकर मतदान किया। शहरी क्षेत्र की अपेक्षा ग्रामीण इलाके में वोटर मतदान को लेकर उत्साहित  दिखे। वहीं जिला अंतर्गत पहले चरण में बड़कागांव विधानसभा चुनाव की अपेक्षा दूसरे चरण में रामगढ़ विधानसभा का मतदान प्रतिशत बढ़ा है। चुनाव के मद्देनजर सभी 406 बूथ पर मजबूत सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न हुआ। विधानसभा में सुबह 11 बजे तक मतदान प्रतिशत तकरीबन 33.45 और एक बजे तकरीबन 51.26 प्रतिशत और तीन बजे तक मतदान प्रतिशत 66.02 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से सजग रही। बूथों पर मतदाताओं की सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम देखने को मिले।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने की प्रेस वार्ता 

रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के मतदान समाप्ति के पश्चात एनआईसी कॉन्फ्रेंस हॉल में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त चंदन कुमार की अध्यक्षता में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया।

उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि 23- रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत शाम 5:00 बजे तक चितरपुर प्रखंड में 38768 (70.89 प्रतिशत), दुलमी में 43154 (79.99प्रतिशत), गोला में 94507(76.70 प्रतिशत) औल रामगढ़ प्रखंड में 81964 (66.34 प्रतिशत) इस प्रकार 406 मतदान केंद्रों में कुल 258393(72.22 प्रतिशत) लोगों ने मतदान किया। कुछ एक स्थानों पर अभी मतदान चल रहा हैं। आगे यह प्रतिशत बढ़ सकता है।

वहीं उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि मतदान के दौरान किसी भी तरह का कोई व्यवधान उत्पन्न नहीं हुआ और मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। मतदान समाप्ति के पश्चात अब रामगढ़ कॉलेज रामगढ़ में बनाए गए वज्र गृह में सभी मतदान पदाधिकारी पहुंचेंगे जहां उचित व्यवस्था के साथ सभी से मतदान कराए गए ईवीएम प्राप्त कर उसे वज्र गृह में रखा जाएगा।

प्रेस वार्ता में निर्वाची पदाधिकारी 23- रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र सह अनुमंडल पदाधिकारी रामगढ़ अनुराग कुमार तिवारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी रविंद्र कुमार गुप्ता, वरीय पदाधिकारी मीडिया को सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ प्रभात शंकर, प्रभारी पदाधिकारी मीडिया कोषांग सह सोशल मीडिया पब्लिसिटी ऑफिसर विक्रम सोनी, स्वागतक जिला जनसंपर्क कार्यालय नीतीश कुमार सहित अन्य उपस्थित थे।

By Admin

error: Content is protected !!