भुरकुंडा (रामगढ़): बीती रात सौंदा डी पंचायत में दो हाथियों ने एक दुकान का शटर तोड़ दिया है। जबकि एक मकान के छप्पर को आंशिक रूप से नुकसान पहुंचाया है। यहां से ऑफिसर्स कॉलोनी से हनुमाननगर होते हुए दोनों हाथी सेंट्रल सौंदा की ओर निकल गए।
मिली जानकारी के अनुसार झुंड से बिछड़े दो हाथियों को गुरुवार की सुबह चिकोर के पारगढ़ा में देखें जाने की सूचना थी। यहां से दोनों हाथी रात नलकारी नदी पार कर तकरीबन 02:30 बजे सौंदा ‘डी’ में प्रवेश कर गए। 19 नंबर से होते हुए लेनिन चौक जाने के क्रम में हाथियों ने विजय साहू के जनरल स्टोर का शटर तोड़ दिया। जिसकी आवाज सुनते ही पास के रामप्रवेश साव अपने घर से निकले। हाथियों का उग्र रूप देख वो वापस घर में चले गए।
यहां से हाथी शनिचर बाजार, परियोजना कार्यालय होते हुए सेंट्रल सौंदा की ओर निकल गए। इस दौरान रात्रि पाली में ड्यूटी कर रहे सीसीएल के सिक्योरिटी गार्ड ने भी इसकी पुष्टि की है। वहीं सेंट्रल सौंदा में हाथियों ने मनोज कुट्टी दुकान को क्षति पहुंचाने की जानकारी मिली है। हाथियों के फिलहाल सेंट्रल सौंदा के आसपास जंगल में मौजूद होने की संभावना है। वन विभाग और भुरकुंडा पुलिस ने क्षेत्र के लोगों से सतर्कता और सावधानी बरतने की अपील की है।
