राजस्व एवं वन–भूमि संबंधी प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की

रामगढ़: समाहरणालय रामगढ़ के सभागार में शनिवार को उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडलीय आयुक्त पवन कुमार की अध्यक्षता में कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें विभिन्न अधिनियमों और उनकी महत्वपूर्ण धाराओं पर विभागीय अधिकारियों द्वारा विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया गया। साथ ही वन-भूमि विवाद, अतिक्रमण, सीमांकन, विभागीय समन्वय तथा केस–हिस्ट्री संबंधी बिंदुओं पर विस्तृत विश्लेषण प्रस्तुत किया गया।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए प्रमंडलीय आयुक्त पवन कुमार ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि राजस्व एवं वन-भूमि से जुड़े सभी प्रकरणों का समयबद्ध, पारदर्शी और संवेदनशीलतापूर्वक निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि भूमि अभिलेखों का नियमित अद्यतन न केवल प्रशासनिक दक्षता बढ़ाता है, बल्कि आम नागरिकों को होने वाली समस्याओं को भी कम करता है। विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विवादों का शीघ्र समाधान करना अत्यंत आवश्यक है। अंत में, उन्होंने स्पष्ट किया कि भूमि संबंधी मामलों में अनावश्यक विलंब आम जन को प्रत्यक्ष रूप से प्रभावित करता है। अतः सभी अधिकारी उच्च प्राथमिकता के आधार पर लंबित प्रकरणों का निपटारा सुनिश्चित करें।

मौके पर वन प्रमंडल पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा, भू अर्जन पदाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, अंचल अधिकारियों सहित अन्य उपस्थित थे।

By Admin

error: Content is protected !!