Workshop organized in Latehar for registration of birth and deathWorkshop organized in Latehar for registration of birth and death

लातेहार: जन्म-मृत्यु निबंधन से संबंधित विशेष अभियान के सफल क्रियान्वयन को लेकर आज समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय एक दिवसीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला का आयोजन किया गया।

जिसका शुभारंभ उप विकास आयुक्त आलोक शिकारी कच्छप, परियोजना निदेशक, आईटीडीए विंदेश्वरी ततमा, सिविल सर्जन डॉ. दिनेश कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी लातेहार शेखर कुमार, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी संतोष भगत द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया गया।
कार्यशाला में उप विकास आयुक्त आलोक शिकारी कच्छप द्वारा जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्र की आवश्यकताओं, इसका पंजीकरण करने की अवधि, संबंधित पदाधिकारी,अपीलीय पदाधिकारी की कार्य शक्तियां एवं दायित्व इत्यादि महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला में जिला सांख्यिकी पदाधिकारी द्वारा जानकारी देते हुए बताया गया कि दिनांक 14 जुलाई 2023 से 14 अगस्त 2023 तक जिला स्तर एवं प्रखण्ड स्तर पर कोविड- 19 अवधि के दौरान छुटे हुए एवं अन्य छुटे हुए जन्म–मृत्यु के शत-प्रतिशत निबंधन हेतु विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान जन-जागरूकता हेतु एवं आमजनों में जन्म-मृत्यु की घटना के निबंधन के महत्त्व को समझाने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार का कार्यक्रम चलाया जाएगा।

इस कार्य में जन्म-मृत्यु निबंधन कार्य से जुड़े निबंधकों, आंगनबाड़ी सेविकाओं, सहिया, सरकारी विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं अन्य सम्बन्धित पदाधिकारियों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।

कहा कि, इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कोविड- 19 महामारी के दौरान लॉकडाउन के कारण जिन बच्चों का जन्म पंजीकरण नहीं हो सका है, ऐसे सभी बच्चों को चिन्हित करना और उनके जन्म को राज्य की औपचारिक पंजीकरण प्रणाली में नामांकित करना है। छूटे हुए बच्चों का सर्वे आंगनवाड़ी सेविका द्वारा घर-घर जाकर किया जाएगा। यह सूची 15 दिन के अंदर तैयार कर लिया जाना है। इसी प्रकार एएनएम/सहिया द्वारा स्वास्थ्य केंद्रों में बीते वर्षों में जन्मे बच्चों व निबंधन से छूटे बच्चों की सूची तैयार की जाएगी। 05 वर्ष से अधिक उम्र के बच्चों की सूची विद्यालय के प्रधानाध्यापक द्वारा उपलब्ध करायी जाएगी। सूची में डुप्लीकेसी की जांच प्रखंडों व जिला स्तर पर की जाएगी। इस अभियान में 100 फीसदी निबंधन का कार्य पूर्ण किया जाना है।

कार्यशाला में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी रेणु रवि, जिला पंचायती राज पदाधिकारी दीपाली भगत, जिला योजना पदाधिकारी सह जिला सांख्यिकी पदाधिकारी संतोष भगत, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी प्रखंड सांख्यिकी पर्यवेक्षक, सभी सीडीपीओ, सभी एमओआईसी सहित अन्य उपस्थित थे।

By Admin

error: Content is protected !!