रामगढ़: ग्रामीण विकास विभाग के निर्देशानुसार पलाश, झारखण्ड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी द्वारा नई चेतना 4.0 जेंडर अभियान चलाया जा रहा है। इस क्रम में गोला प्रखंड में बुधवार को  जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिला समूह की दीदियों, सामुदायिक कार्यकर्ताओं और प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। कार्यशाला में जेंडर समानता, महिला सशक्तिकरण, लैंगिक भेदभाव उन्मूलन तथा समाज में महिलाओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिभागियों ने समानता एवं जागरूकता को बढ़ावा देने का संकल्प भी लिया।

जेंडर अभियान 4.0 के जागरूकता कार्यक्रम के सुचारू संचालन हेतु व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई तथा कैलेंडर में निर्धारित दिवस-वार गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई। यह अभियान 25 नवम्बर 2025 से 23 दिसंबर 2025 तक संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान जेंडर प्रशिक्षण, रैली, रंगोली प्रतियोगिता, खेल-कूद कार्यक्रम, जेंडर शपथ, तथा ‘सांप-सीढ़ी’ खेल के माध्यम से लैंगिक समानता की जानकारी सहित अनेक गतिविधियाँ आयोजित की जाएँगी। यह अभियान जिले के सभी प्रखंडों में आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों द्वारा जेंडर शपथ ली गई। साथ ही महिला हिंसा की रोकथाम एवं लैंगिक समानता के प्रसार हेतु ‘सांप-सीढ़ी’ खेल के माध्यम से जागरूकता गतिविधि का संचालन किया गया। कार्यक्रम में जिला प्रबंधक सामाजिक विकास सौरभ प्रसाद, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक बिपिन सिंह, संकुल संगठन समन्वयक, ब्लॉक एंकर पर्सन, बैंक सखी एवं जेंडर सीआरपी सहित अन्य उपस्थित रहे।

By Admin

error: Content is protected !!