प्रदर्शनकारियों पर पानी की बौछार, आंसू गैस के गोले दागे
रांंची: भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा आयोजित युवा आक्रोश रैली में शामिल भाजपा कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया है। मोरहाबादी में सभा के बाद सीएम आवास घेरने निकले प्रदर्शनकारियों पर वाटर कैनन की बौछार की गई। साथ ही आंसू गैस के गोले भी दागे गए। इस दौरान कई कार्यकर्ताओं को चोटें भी आई हैं।
इससे पूर्व युवा आक्रोश रैली के तक्षत मोरहाबादी मैदान में सभा का आयोजन किया गया। जिसमें झारखंड भाजपा के शीर्षस्थ नेता सहित हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए। सभा में प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, नेता प्रतिपदा अमर कुमार बाउरी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, सांसद संजय सेठ, विधायक सीपी सिंह, अर्जुन मुंडा, समीर उरांव, सहित अन्य नेताओं ने अपने संबोधन में हेमंत सरकार पर जमकर निशाना साधा।
मोरहाबादी मैदान से भाजपा नेता और कार्यकर्ता अलग-अलग रास्तों से सीएम आवास घेरने निकले। जिन्हें कंटिले तारो की बैरिकेडिंग से रोकने की कोशिश की गई। प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग तोड़ आगे बढ़ने लगे। जिसपर पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे, तेज धमाकेवाले पटाखे छोड़े और पानी की बौछार शुरू कर दी। इस दौरान पुलिस ने आगे बढ़ते कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज कर भीड़ तितरबितर कर दिया। इस बीच कई कार्यकर्ताओं को चोटें आई हैं।
युवाओं का लहू लिखेगा इतिहास, उखाड़ फेकेंगे झामुमो कांग्रेस की सरकार: अमर कुमार बाउरी
घटनाक्रम पर नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने कहा है कि राज्य सरकार निरंकुश हो गई है। हमलोग शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने आए थे। लेकिन अधिकार मांगने पहुंचे युवाओं पर लाठीचार्ज किया गया है और बम पटाखे भी फेंके गये है। दर्जनों घायल युवाओं को अस्पताल पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में झारखंड की जनता इस झामुमो-कांग्रेस की भ्रष्ट सरकार को उखाड़ फेंकने का काम करेंगे।