चुनाव से पहले सरकारी खजाने से चारा डाल रही राज्य सरकार : सुदेश
रांची: हेमंत सरकार शिकारी बन गई है। लोकतंत्र की मालिक जनता की चुनी गई सरकार चुनाव से पहले मतदाताओं का शिकार करने के लिए सरकारी खजानों का चारा फेंक रही है। हजारों बेरोजगार युवाओं का यह जुटान इस बात का गवाह है कि सरकार ने वादा खिलाफी के साथ उनके सपनों को कुचला है। नीति, नीयत और विश्वसनीयता के पैमाने पर विफल इस निकम्मी सरकार को सत्ता से बेदखल करने का समय आया है। यह बातें आजसू केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने युवा आजसू द्वारा रविवार को रांची के प्रभात तारा मैदान में आयोजित झारखंड नवनिर्माण संकल्प सभा में कही।
सुदेश कुमार महतो ने कहा कि शहीदों के सपनों का झारखंड बनाने के लिए नीति, नीयत और विश्वसनीयता की आवश्यकता है। मौजूदा सरकार इन तीनों मापदंडों पर विफल रही है। हमारे युवा सड़कों पर हैं। युवा रोजगार मांग रहे हैं। इनके पास बीए की डिग्री है, इनके पास एमए की डिग्री है। इनके पास इंजीनियरिंग की डिग्री है, पॉलिटेक्निक की डिग्री है, हर आवश्यक डिग्री है लेकिन इनके पास नौकरी की डिग्रही नहीं है, और यही डिग्री सरकार को देनी थी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने युवाओं से बेरोजगारी भत्ता का वादा किया था। अगर यह अपने वादे पर काम किए होते तो आज हर युवक को 4 लाख 20 हज़ार रुपया मिले होते। हेमंत सरकार ने सिर्फ राज्य को ही नहीं लूटा, जमीन व खदान को नहीं लूटा, बल्कि इन्होंने हर युवा के 4 लाख 20 हज़ार रुपया को भी लूटा है।
आजसू प्रमुख ने कहा कि सरकार ने कहा था दो हजार रुपये का चूल्हा भत्ता देंगे लेकिन अब जब चुनाव आ गया तो यह एक हजार का चुनावी भत्ता दे रहे हैं। सरकार अपने वादे अनुसार अभी तक हर महिला को दो हजार रुपए प्रति माह के दर से चूल्हा भत्ता दी होती तो अभी तक 5 वर्ष में हर महिला को एक लाख बीस हज़ार रुपए मिला होता। यह हजार रुपए महिला को भत्ता नहीं दे रहे हैं बल्कि हर महिला का एक लाख बीस हज़ार रुपए हड़प चुके हैं। महिलाओं को यह राशि हेमंत सरकार से मांगनी चाहिए।
निकम्मी सरकार को हर हाल में हटाना है : चंद्रप्रकाश चौधरी
मौके पर केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष सह गिरिडीह सांसद ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार चौथी बार सरकार आपके द्वारा कार्यक्रम कर रही है। आज तक एक भी आवेदन का निष्पादन नहीं हुआ। अगर हुआ होता तो इन्हें चौथी बार यह कार्यक्रम करने की जरूरत नहीं पड़ती। आज यहां आए हज़ारों युवाओं ने इस निकम्मी सरकार को सत्ता से हटाने का संकल्प लिया उसे हम सभी मिलकर पूरा करने का काम करेंगे।
पार्टी के केंद्रीय प्रधान महासचिव रामचंद्र सहिस ने कहा कि राज्य की दिशा और दशा बदलने की क्षमता युवाओं में है। सरकार अपने वादों से मुकर गई है। इस निकम्मी सरकार पर विश्वास नहीं किया जा सकता है।
पार्टी के उपाध्यक्ष उमा कांत रजक ने कहा कि सुदेश महतो के विचारों को धरती पर उतारने के लिए काम करना है। इस वादाखिलाफी सरकार को उखाड़ फेंकना है। युवा शक्ति के साथ से से बदलाव लाने की तैयारी है।
केंद्रीय महासचिव सह गोमिया विधायक डॉ. लंबोदर ने कहा कि वर्तमान सरकार की कथनी और करनी में बहुत अंतर है। बालू लूट, जमीन लूट इस सरकार की प्राथमिकता रही है। मुख्यमंत्री जी स्थानीय नीति, नियोजन नीति, विस्थापन नीति भूल गए। ऐसी सरकार को राज्य के युवा सत्ता से बेदखल करेंगे।
गुवा गोलीकांड के शहीदों को अर्पित की गई श्रद्धांजलि
झारखंड नवनिर्माण संकल्प सभा से पूर्व आज के ही दिन 1980 में हुए गुवा गोलीकांड के शहीदों और अलग राज्य आंदोलन में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सुदेश कुमार महतो ने कहा कि झारखंड राज्य आंदोलन के महासमर की आज की तारीख एक महत्वपूर्ण तिथि है। आज ही के दिन आज से 44 वर्ष पूर्व गुवा में सभी नियमों और मापदंडों का उल्लंघन करते हुए अस्पताल से खींचकर आंदोलनरत झारखंडी आंदोलनकारियों को पुलिस ने गोलियों से भून दिया था। झारखंड अलग राज्य की मांग को लेकर गुवा में आंदोलनकारियों की आम सभा थी। जिसके अगुवा बहादुर उरांव, भुवनेश्वर महतो, लखन बोदरा, सुखदेव हेम्ब्रम, वैशाख गोप जैसे झारखंड के कितने वीर सपूत थे। गुवा गोली कांड की बर्बरता और निर्ममता के कारण परतंत्र भारत का जलियांवाला कांड भी पीछे छूट गया।
बिरसा चौक से प्रभात तारा मैदान तक की गई पदयात्रा
कार्यक्रम की शुरुआत से पार्टी अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने बिरसा चौक स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिभा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद वहां से उन्होंने हजारों बेरोजगार युवाओं के साथ प्रभात मैदान स्थित सभा स्थल तक पदयात्रा की। इस दौरान हे। चार किलोमीटर लंबी इस पदयात्रा में अपने हाथों में नारों की तख्तियां लहराते युवा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। पदयात्रा में पार्टी के सांसद, विधायक, पूर्व विधायक कई पदाधिकारी भी शामिल हुए।
इस अवसर पर वरीय उपाध्यक्ष एवं गिरिडीह लोकसभा सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी, प्रधान महासचिव राम चंद्र सहिस, महासचिव एवं विधायक लम्बोदर महतो, महासचिव एवं विधायक सुनिता चौधरी, उपध्यक्ष उमाकांत रजक, कुशवाहा शिवपूजन मेहता, मुख्य प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत, हसन अंसारी, राजेंद्र मेहता, बनमाली मंडल, हरीश कुमार, अरविंद कुमार, युवा आजसू के अमित कुमार, गौतम सिंह, अमित महतो, जब्बार अंसारी, ओम वर्मा, ज्योत्सना केरकेट्टा, विशाल महतो, इत्यादि मुख्य रूप से उपस्थित थे।