रामगढ़: पतरातू थाना अंतर्गत डीएवी स्कूल के निकट में रोड पर शनिवार की शाम दो बाइक की टक्कर में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए रिम्स रेफर कर दिया गया।

दुर्घटना के संबंध में प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार कोतो निवासी मोहन कुमार (19 वर्ष) पिता सत्यजीत सिंह टीवीएस सुजुकी बाइक (JH 02 C 4735) पर बिरसा मार्केट की ओर जा रहा था। वहीं विपरीत दिशा से हीरो होंडा स्प्लेंडर बाइक (JH 24 F 1251) पर दो नाबालिग लड़के न्यू मार्केट की ओर आ रहे थे।

इस क्रम में डीएवी स्कूल के निकट नाबालिगों की तेज रफ्तार स्प्लेंडर बाइक ने मोहन कुमार की बाइक में टक्कर मार दी। जिससे मोहन कुमार सड़क पर गिर गया। वहीं दोनों नाबालिग लड़के बाइक छोड़कर भाग निकले। इस बीच सड़क से गुजरती एक बोलेरो ने सड़क पर गिरे मोहन को चपेट में ले लिया। जिससे उसके सिर और हाथ में गंभीर चोट लग गई। दुर्घटना के बाद बोलेरो चालक वाहन लेकर फरार हो गया। 

दुर्घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पतरातू पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद घायल को रिम्स रेफर कर दिया गया। पुलिस दुर्घटना जांच-पड़ताल कर रही है। 

 

 

  

By Admin

error: Content is protected !!