पीएम मोदी ने कहा – सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास
G20 Summit 2023: देश की राजधानी नई दिल्ली में शनिवार को G20 शिखर सम्मेलन की शुरुआत हुई। जिसमें अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन, जर्मन चांसलर ओलाफ शोल्ज, फ्रांस के राष्ट्रपति एमैनुएल मैक्रों, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक, तुर्किये के राष्ट्रपति रजब तैयब एर्दोआन, कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो, दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति यून सुक योल सहित समूह के कई अन्य नेता शामिल हुए। बैठक में अफ्रीकन यूनियन को G20 में शामिल करने के महत्वपूर्ण प्रस्ताव पर सहमति बनाई गई।
सम्मेलन की शुरुआत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी का स्वागत किया। अपने संबोधन में उन्होंने मोरक्को में आए भूकंप का जिक्र करते हुए कहा कि इस कठिन समय में पूरा विश्व समुदाय मोरक्को के साथ हैं और हर संभव सहयोग करने को तैयार है।
भारत ने 2500 वर्ष पहले मानव का कल्याण का संदेश विश्व को दिया
उन्होंने आगे कहा कि आज हम जहां बैठे हैं, यहां से कुछ किलोमीटर की दूरी पर 2500 वर्ष पुराना एक स्तंभ है, इस स्तंभ पर प्राक्कलित भाषा में लिखा है- मानवता का कल्याण और सुख सदैव सुनिश्चित किया जाए। 2500 वर्ष पहले भारत ने विश्व को यह संदेश दिया था। आईए! इस संदेश को याद करते हुए हम G20 सम्मेलन आरंभ करें।
यह भी पढे़ं – Morocco earthquake: मोरक्को में भूकंप से तबाही, 296 की मौत
कोविड 19 के बाद विश्व में आपसी विश्वास पर संकट : पीएम
प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि 21वीं सदी का ये समय दुनिया को नई दिशा दिखानेवाला समय है। ये वह समय है जहां वर्षों पुरानी चुनौतियां हमसे नये समाधान मांग रही है। हमें हर दायित्व निभाते हुए ही आगे बढ़ना है। कहा कि कोविड 19 के बाद से विश्व में एक संकट विश्वास के अभाव का आया है। युद्ध ने इस विश्वास के संकट को और गहरा किया है। जब हम कोविड को हरा सकते हैं तो आपसी विश्वास पर आए संकट को भी हरा सकते हैं। इसके लिए हमें साथ मिलकर चलना होगा। उन्होंने कहा कि सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास का मंत्र हम सभी के लिए पथ प्रदर्शक बन सकता है।