पिछले 9 वर्षों में देश से चोरी हुई 231 प्राचीन वस्तुएं भारत वापस लाई गई : डॉ. जितेंद्र सिंह
नई दिल्ली: प्रगति मैदान में चल रहे तीन दिवसीय इंटरनेशनल म्यूजियम एक्स्पो 2023 का शनिवार को समापन हुआ। अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री विज्ञान और प्रौधोगिकी (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह ने एक्स्पो का अवलोकन किया।
इस दौरान उन्होंने टेक्नो मेला, संरक्षण प्रयोगशाला सहित विभिन्न बूथों में लगी प्रदर्शनियों का जायजा लिया। वहीं मीडियाकर्मियों से बातचीत में उन्होंने कहा कि पिछले नौ वर्षों में देश से चोरी हुई 231 वस्तुओं को वापस देश में लाया गया है। जबकि बीते 70 वर्षों में भारतीय मूल की 13 धरोहरों को ही विदेश से वापस लाया जा सका।
उन्होंने कहा कि देश के पुरावशेषों को वापस लेने का प्रयास लगातार जारी रहेगा। आगे उन्होंने कहा कि विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय में जैव प्रौद्योगिकी विभाग (डीबीटी) के माध्यम से हम पहले ही हिमाचल प्रदेश के आकांक्षी जिले चंबा में संग्रहालय स्थापित कर चुके हैं और इसका उद्घाटन कुछ महीने पहले किया गया था।
उन्होंने बताया कि केरल में वायनाड, उत्तर प्रदेश में सिद्धार्थनगर, हरियाणा में नूंह, राजस्थान में धौलपुर, कर्नाटक में रायचूर और पश्चिम बंगाल में कल्याणी में तरह के संग्रहालय शुरू हो गये हैं या शीघ्र ही शुरू होने जा रहे हैं ।
बताते चलें कि आजादी का अमृत महोत्सव के तत्वावधान में, केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय द्वारा पहली बार अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय एक्सपो 2023 का आयोजन किया गया।