Khabar Cell News
महाराष्ट्र के रायगढ़ में शनिवार को भीषण सड़क दुर्घटना हुई है। जिससे 12 लोगों की मौत हो गई है जबकि 25 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। कई घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार पुणे से मुंबई पुराने राजमार्ग पर जा रही बस रायगढ़ जिले के शिंगरोबा मंदिर के निकट अनियंत्रित हो गई और 200 फीट गहरी खाई में गिर गई। इस भीषण दुर्घटना में बस बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। यात्री बस में ही फंस गए। दुर्घटना के बाद राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाया गया। कई घंटे की मशक्कत के बाद मृतकों के शव और घायलों को निकाला जा सका।
दुर्घटना में 12 लोगों की मौत और 25 लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
वहीं दुर्घटना की जानकारी मिलने पर महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने घटनास्थल का जायजा लिया। साथ ही अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। सीएम एकनाथ शिंदे ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रूपये मुआवजा देने की घोषणा की है।
वहीं देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर हादसे पर गहरी शोक संवेदना जताई है।