कर्नाटक के कांग्रेसी नेता सिद्धारमैया ने शनिवार को कर्नाटक के 30वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण किया। वहीं उप-मुख्यमंत्री पद की शपथ डीके शिवकुमार ने ली। इसके साथ ही आठ विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली।
शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, सहित कई गैर भाजपा शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री और कांग्रेस पार्टी के दिग्गज नेता शामिल हुए।
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा कि चुनाव से पहले पार्टी ने जो वादे किये हैं, उन्हें पूरा करने का आदेश जल्द जारी किया जाएगा। राज्य सरकार कर्नाटक के लोगों की अपेक्षा के अनुरूप प्रशासन देगी।
वहीं मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद सिद्धारमैया ने केबिनेट की पहली बैठक की अध्यक्षता की। बताया जाता है कि 22 मई से तीन दिनों तक विधानसभा का सत्र बुलाया जाएगा। जहां नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाने के साथ नये अध्यक्ष का चुनाव किया जाएगा।
Image courtesy: Social Media