चंद्रयान 3: इंडियन स्पेस एंड रिसर्च ऑर्गनाइजेशन (ISRO) ने शुक्रवार को चंद्रयान 3 का सफल प्रक्षेपण किया। आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा से चंद्रयान 02:35 बजे लॉन्च हुआ। चंद्रयान 3 ने अंतरिक्ष में इंट्री के साथ पहला पड़ाव पार कर लिया है। अगले 42 दिनों में 3,84,000 किमी से अधिक की दूरी तय करते हुए यह चंद्रमा तक पहुंच सकता है।
चंद्रयान 3 के सफल प्रक्षेपण पर इसरो के प्रमुख सोमनाथ ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा है कि चंद्रयान-3 ने चांद की अपनी यात्रा शुरू कर दी है। एएलवीएम3-एम4 रॉकेट ने चंद्रयान 3 को सटीक कक्षा में पहुंचा दिया है। सभी कामना करें कि चंद्रयान अपनी यात्रा सफलतापूर्वक पूरा करे।
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करते हुए कहा है कि चंद्रयान-3 ने भारत की अंतरिक्ष यात्रा में एक शानदार चैप्टर की शुरुआत की है। यह भारत के हर व्यक्ति के सपनों और महत्वाकांक्षाओं को ऊपर ले जाते हुए ऊंचाइयों को छू रहा है। यह महत्वपूर्ण उपलब्धि भारतीय वैज्ञानिकों के समर्पण का प्रमाण है।
इधर, देश सहित दुनिया के तमाम देशों की निगाहें चंद्रयान की यात्रा पर टिक गई हैं। इस ऐतिहासिक अवसर पर देशवासियों में खासा उत्साह है। लोग इसरो के वैज्ञानिकों को बधाई दे रहे हैं। साथ ही कामना कर रहे हैं कि चंद्रयान चांद तक अपनी यात्रा सफलतापूर्वक पूरी कर ले।