रांंची: वीमेंस एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2023 का शुभारंभ आज से मारंग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एस्टोटर्फ हॉकी स्टेडियम में किया जाएगा। आयोजन को लेकर सभी तैयारियां कर ली गई हैं। विकास आयुक्त सहित वरीय अधिकारियों ने गुरुवार को स्टेडियम में तैयारियों का जायजा भी लिया है। वहीं प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर लगातार उच्चस्तरीय बैठकें भी हुई हैं। राज्य भर में आयोजन को लेकर व्यापक प्रचार-प्रसार भी देखा जा रहा है। पहला मैच शाम 04 बजे से खेला जाएगा।

27 अक्टूबर से 05 नवंबर तक आयोजित होनेवाली हॉकी प्रतिस्पर्धा में भारत, जापान, थाईलैंड, मलेशिया, कोरिया और चीन की टीमें भाग लेंगी। सभी टीमें रांंची पहुंच चुकी हैं। सभी टीमों का झारखंड पहुंचने पर पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। सभी टीमें उत्साह से लबरेज हैं और शानदार मुकाबले देखे जाने की संभावना भी प्रबल होती जा रही है। भारतीय टीम की कप्तान सविता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि भारतीय टीम बेहतरीन प्रदर्शन करेगी।
वीमेंस एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2023 का मैच शेड्यूल
वीमेंस एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2023 के आगाज के साथ 27 नवंबर को पहला मैच जापान बनाम मलेशिया, दूसरा मैच चीन बनाम कोरिया और तीसरा मैच भारत बनाम थाईलैंड के बीच खेला जाएगा। 28 नवंबर को दूसरा पूल मैच जापान बनाम कोरिया, चीन बनाम थाईलैंड और भारत बनाम मलेशिया के बीच खेला जाएगा। 30 अक्टूबर को तीसरा पूल मैच कोरिया बनाम मलेशिया, थाईलैंड बनाम जापान और चीन बनाम भारत के बीच खेला जाएगा। 31 अक्टूबर को कोरिया बनाम थाईलैंड, चीन बनाम मलेशिया और जापान बनाम भारत के बीच चौथ पूल मैच खेला जाएगा।
वहीं 04 नवंबर को सेमीफाइनल मैच खेले जाएंगे। जबकि 05 नवंबर को फाइनल मैच के साथ चैंपियंस ट्रॉफी के विजेता की घोषणा की जाएगी।