Odisha train accidentOdisha train accident

रेस्क्यू ऑपरेशन हुआ पूरा, घटनास्थल पर जाएंगे प्रधानमंत्री

Odisha train accident: बालासोर जिले में हुई भीषण रेल दुर्घटना में रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा हो गया है। हादसे में अबतक 238 मौतों की सूचना मिल रही है। जबकि 900 से ज्यादा लोग घायल बताये जा रहे हैं। घायलों का अस्पतालों में इलाज कराया जा रहा है। जिसमें कई घायलों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। जिससे मौतों का आंकड़ा बढ़ सकता है। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल रहा।रेस्कयू ऑपरेशन चलाकर ट्रेन में फंसे लोगों को निकालने की कवायद शुरू हुई। हादसे के बाद रूट की 48 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया। जबकि 39 ट्रेनों के रूट को परिवर्तित कर दिया गया। 

देश के बड़ी रेल दुर्घटनाओं में से एक: ओडिशा के बालासोर जिले के बहानागा स्टेशन के निकट हुए हादसे को देश में अबतक हुई बड़ी रेल दुर्घटना में से एक माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की शाम लगभग सात बजे यशवंतपुर-हावड़ा एक्सप्रेस बहानागा स्टेशन के निकट माल गाड़ी से टकराकर बेपटरी हो गई। वहीं दूसरे ट्रैक पर आ रही कोरोमंडल एक्सप्रेस और डिरेल्ड यशवंतपुर-हावड़ा से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी की कोरोमंडल एक्सप्रेस का इंजन माल गाड़ी पर चढ़ गया। दुर्घटनाग्रस्त दोनों ट्रेनों के डिब्बों में सैंकड़ों यात्री फंस गये। भीषण हादसे को देखते हुए रात भर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। दूसरे दिन शनिवार को दोपहर बाद तक ट्रेनों के डिब्बों में मृतकों और घायलों की खोजबीन की गई।

पूरे देश में शोक का माहौल, लोग मर्माहत: ओडिशा में हुए भीषण दुर्घटना से पूरे देश में शोक का माहौल है। ओडिशा में शनिवार को राजकीय शोक की घोषणा की गई है। वहीं केंद्र और ओडिशा सरकार दुर्घटना पर निगाह बनाये हुए है। दुर्घटना में मृत लोगों के परिजनों और घायलों को मुआवजे की घोषणा की गई है। अस्पतालों में घायलों के लिए बड़ी संख्या म़े लोग स्वेच्छा से रक्तदान करने पहुंच रहे हैं। बताया जा रहा है कि पीएम नरेंद्र मोदी और ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक घटनास्थल का जायजा लेने पहुंच सकते है। हादसा कैसे और क्यों हुआ इसकी जांच चल रही है।

 

By Admin

error: Content is protected !!