Mumbai: G-20 मेगा समुद्र तट स्वच्छता अभियान के तहत जुहू बीच पर रविवार को कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें तटीय क्षेत्र के साफ सफाई करते हुए जागरूकता अभियान चलाया गया।
कार्यक्रम में केन्द्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन, और श्रम एवं रोजगार मंत्री भूपेन्द्र यादव ने भाग लिया। उन्होंने अभियान में भाग लेने वाले लोगों को धन्यवाद दिया। इस अवसर पर महाराष्ट्र के राज्यपाल रमेश बैस, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे और महाराष्ट्र सरकार के मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा और पर्यावरण सचिव लीना नंदन और केन्द्र और राज्य सरकारों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
भूपेंद्र यादव ने G20 मेगा बीच स्वच्छता अभियान के भाग के रूप में समुद्रों को साफ और स्वस्थ रखने की शपथ भी दिलाई। मेगा बीच स्वच्छता कार्यक्रम पर्यावरण एवं जलवायु निर्वहनीयता कार्य समूह की तीसरी बैठक से आरंभ हुआ जो मुम्बई में 21 से 23 मई तक आयोजित किया जा रहा है।
अवसर पर गणमान्य व्यक्तियों ने स्वच्छता कार्यकलापों में भाग लिया, दीवार पर संकल्प लिखे और स्कूली बच्चों द्वारा की गई चित्रकारी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। कार्यक्रम के तहत विख्यात सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक ने बीच पर कार्यक्रम की थीम से जुड़ी आकर्षक सैंड कला भी प्रदर्शित की गई। वहीं चित्रकारी में देश भर के लगभग 5900 स्कूली छात्र शामिल रहे, जिन्होंने तटीय और समुद्री प्रदूषण की थीम पर एक कला प्रतियोगिता में भाग लिया था। सर्वश्रेष्ठ 100 पेंटिंग का चयन किया गया और उन्हें बैठक स्थल पर प्रदर्शित किया गया।
अंतर्राष्ट्रीय रूप से इस कार्यक्रम में 20 देशों की उत्साहजनक सहभागिता रही। अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, जर्मनी, इंडोनेशिया, जापान, मैक्सिको, कोरिया गणराज्य, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, टर्की, ब्रिटेन और अमेरिका 14 जी 20 देश हैं और मिस्र, मॉरिशस, नीदरलैंड, नाइजीरिया, ओमान और सिंगापुर 6 आमंत्रित देश शामिल हैं।