रांची: रिम्स में महुआडांड़, बोकारो जिला निवासी डमरलाल महतो की पत्नी ममता देवी (30 वर्ष) ने एक साथ चार बच्चों को जन्म दिया है। जिसमें एक लड़की और तीन लड़के हैं। सभी बच्चे स्वस्थ्य हैं और उनका वजन भी सामान्य बताया जा रहा है। फिलहाल ममता देवी और बच्चे चिकित्सकों की देखरेख में है। एक साथ चार बच्चे होने से परिजनों में काफी खुशी देखी जा रही है।
ममता देवी के मायके से पहुंची भाभी अनिता देवी ने बताया कि प्रसव को लेकर ममता देवी अपने मायके तेलियातु (रामगढ़) में रह रही थी। डिलीवरी डेट आने पर उसे रिम्स ले आया गया। जहां बीते 15 मार्च को दोपहर 02:35 पर उसने एक साथ चार बच्चों को जन्म दिया। बड़े ऑपरेशन से बच्चे हुए हैं। फिलहाल ममता देवी और नवजात शिशु डॉक्टरों की निगरानी में हैं। जल्द ही उन्हें डिस्चार्ज किया जाएगा।
इधर, चार बच्चों की एक साथ पैदाइश रिम्स में चर्चा का विषय बना हुआ है। जबकि ममता देवी के ससुराल और मायके दोनों जगहों के लिए यह बड़े चमत्कार की तरह है। परिजनों में हर्ष का माहौल है। बताया जाता है कि ममता देवी को एक चार वर्षीय बेटी भी है।

