साहिबगंज: जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहेबगंज के तत्वावधान में व्यवहार न्यायालय में 29 मई से 14 जून तक मन का मिलन पखवाड़ा का आयोजन को लेकर आज प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह प्राधिकार के अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह के निर्देशन में आज प्राधिकार के सचिव सह वरीय सिविल जज धर्मेन्द्र कुमार ने मध्यस्थों और पारा लीगल वोलेंटीयरों के साथ एक बैठक की गई।
प्राधिकार के सचिव सह वरीय सिविल जज धर्मेन्द्र कुमार ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा की “मध्यस्थता एक मंत्र है जिससे विवादों का अंत तुरंत हो जाता है”। मन का मिलन विशेष पखवाड़ा के तहत पूरे जिले में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि न्यायालयीन विवादों के निराकरण हेतु पूर्व की अपेक्षा आज के परिप्रेक्ष्य में मध्यस्थता आवश्यक हो गयी है। मध्यस्थता के माध्यम से विवाद का समाधान बहुत ही सरल तरीके से किया जा सकता है। आज मध्यस्थता के माध्यम से किसी भी प्रकार के सुलहनीय विवाद का समाधान निकाला जा सकता है और धन एवं समय के साथ-साथ मानसिक त्रास से दोनों पक्षों को छुटकारा मिलता है।
उन्होंने आगे बताया कि न्यायालय में जो निर्णय होता है वह साक्ष्य एवं कानून के आधार पर होता है, जबकि मध्यस्थता से पक्षकारों के मध्य आपसी कदुता एवं विवाद का निराकरण करने के लिए प्रशिक्षित मध्यस्थ के द्वारा आपसी सुलह एवं समझौता की पहल की जाती है, जिससे विवाद का शीघ्र एवं अंतिम निपटारा होकर आपसी कड़़वाहट भी दूर होती है। उन्होंने कहा कि मध्यस्थता एक ऐसी प्रक्रिया है, जिससे सौहार्दपूर्ण वातावरण निर्मित होता है एवं उसके आधार पर पक्षकारों के मध्य आपसी सुलह वार्ता कराई जाती है। मध्यस्थता की कार्यवाही के अंतर्गत पक्षकारों के विवाद एवं जानकारी को गोपनीय रखा जाता है। इस प्रकिया में दोनों पक्षों की जीत होती है, कोई नहीं हारता। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इस विशेष अभियान का लाभ उठाने की अपील की है।