68 जिला कलेक्टर और 9 सचिव होंगे सम्मानित
नई दिल्ली: विज्ञान भवन में आगामी 18 जुलाई को “भूमि सम्मान 2023” का आयोजन किया जाएगा। जिसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 68 जिला कलेक्टरों और 9 सचिवों को सम्मानित करेंगी
यह सम्मान वैसे अधिकारियों को दिया जाएगा जिन्होंने डिजिटल इंडिया भूमि अभिलेख आधुनिक कार्यक्रम (DILRMP) में उत्कृष्ट योगदान दिया है। आयोजन को लेकर केंद्रीय ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री गिरीराज सिंह ने कहा है कि यह आयोजन राज्य के राजस्व और पंजीकरण पदाधिकारियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। जो अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पिछले 75 वर्षों में पहली बार “भूमि सम्मान” प्राप्त करेंगे।
गिरिराज सिंह ने आगे कहा कि “भूमि सम्मान” योजना विश्वास और साझेदारी पर आधारित केंद्र-राज्य सहकारी संघवाद का एक अच्छा उदाहरण है, क्योंकि भूमि अभिलेखों के कम्प्यूटरीकरण और डिजिटलीकरण में श्रेणी प्रणाली मुख्य रूप से राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों की रिपोर्ट और इनपुट पर आधारित होती है।
उन्होंने ने कहा है कि भूमि रिकॉर्ड और पंजीकरण की डिजिटलीकरण प्रक्रिया से भूमि विवादों से जुड़े लंबित अदालती मामलों को बड़े पैमाने पर कम करने में मदद मिलेगी। इससे भूमि विवादों से जुड़े मुकदमे के कारण रुकी हुई परियोजनाओं की वजह से देश की अर्थव्यवस्था के सकल घरेलू उत्पाद में होने वाले नुकसान में भी कमी आएगी।