रांची: झारखंड में मौसम का मिजाज अब धीरे-धीरे बदल रहा है। नवंबर के मध्य तक पहुंचते-पहुंचते सुबह और रात की ठंड बढ़ने लगी है। दूसरी ओर, राज्य के प्रमुख शहरों में वायु प्रदूषण का स्तर भी चिंता बढ़ा रहा है। 12 नवंबर को रांची का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 217 दर्ज किया गया है, जबकि धनबाद में 158 और जमशेदपुर में 154 रहा। छठ पूजा से पहले मौसम विभाग ने सुबह के समय कुछ इलाकों में धुंध रहने की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, फिलहाल राज्य में मौसम का व्यापक मिजाज शुष्क बना रहेगा। हालांकि, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, देवघर, दुमका, जामताड़ा, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। अन्य जिलों में बारिश की संभावना कम है। दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ रहने और धूप निकलने का अनुमान है।

सुबह कोहरे का असर रांची, खूंटी, हजारीबाग, रामगढ़, बोकारो, लोहरदगा और पलामू में दिखाई दे सकता है। इन जिलों में हल्की धुंध और कुहासा रहने की संभावना है। हालांकि, घने कोहरे को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
तापमान की बात करें तो रांची में अधिकतम 27 और न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। जमशेदपुर में पारा 31 डिग्री तक पहुंच सकता है। पलामू में अधिकतम तापमान 29 डिग्री, बोकारो में 29 डिग्री, हजारीबाग में 26 डिग्री और रामगढ़ में 27.3 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

प्रदूषण के मामले में भी कई शहरों की स्थिति अच्छी नहीं है। रांची का AQI 217 के साथ सबसे अधिक दर्ज किया गया है। धनबाद में 158, जमशेदपुर में 154, देवघर में 133, बोकारो में 131 और हजारीबाग में 107 AQI रिकॉर्ड किया गया है। ऐसे में सांस संबंधी परेशानी से जूझ रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
छठ महापर्व के दौरान मौसम को लेकर फिलहाल राहत के संकेत हैं। 15 नवंबर को अर्घ्य के समय सुबह हल्की ठंड और धुंध रह सकती है। शाम के समय आसमान साफ रहने का अनुमान है। रांची में इस दिन अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम 16 डिग्री रह सकता है। वहीं, जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

मौसम के मौजूदा रुझान के अनुसार 12 से 16 नवंबर के बीच झारखंड में सुबह और रात की ठंड का असर बढ़ सकता है। हालांकि, दिन में धूप निकलने से लोगों को राहत मिलेगी। छठ घाटों पर जाने वाले श्रद्धालुओं को सुबह की धुंध और ठंड को देखते हुए गर्म कपड़े साथ रखने की सलाह दी जाती है।

