बना रहे शहीदों के सपनों का झारखंड: हेमंत सोरेन
- मुख्यमंत्री ने 25 करोड़ 64 लाख रुपए की 34 योजनाओं का किया उद्घाटन- शिलान्यास, लाभुकों के बीच बांटी परिसंपत्तियां
रामगढ़: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पैतृक निवास नेमरा के लुकैयाटांड में सोमवार को स्व. सोबरन सोरेन का शहादत दिवस मनाया गया। अवसर पर शहादत स्थल के निकट कार्यक्रम का आयोजन किया। जिसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल रहे। यहां उन्होंने शहीद सोबरन सोरेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और श्रद्धा सुमन अर्पित कर नतमस्तक हुए।
वहीं कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 25 करोड़ 64 लाख की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। साथ ही लाभुकों के बीच परिसंपत्ति का वितरण भी किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य में अब आम जन की संवेदनशील सरकार है। इस सरकार में योजनाए एयर कंडीशन्ड कमरे में नहीं बनती हैं। हम राज्य के हालात और जनता की जरूरतों को ध्यान में रखकर नीतियां बनाते हैं। योजनाएँ हकीकत में धरातल पर उतरे, यह हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक लंबे संघर्ष के बाद हमें झारखंड राज्य मिला। इसके लिए ना जाने कितने लोगों ने अपनी शहादत दी। हमारी सरकार इनकी शहादत को बेकार नहीं जाने देगी। आज सरकार की नज़रें और योजनाएं जंगलों, पहाड़ों, तलहटी और दुरूह-दुरस्त इलाकों में रहने वाले लोगों तक पहुंच रही है। हम अपने शहीदों के सपनों का झारखंड बना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आज झारखंड में बदलाव देखने को मिल रहा है। दूरस्थ इलाकों में भी वृहत पैमाने पर सड़कें, पुल -पुलिया बन रही है। गांव- गांव में बिजली- पानी जैसी आधारभूत सुविधाएं पहुंच रही है। हम विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
इस अवसर पर झामुमो सुप्रीमो सह राज्य सभा सांसद शिबू सोरेन, झारखंड राज्य समन्वय समिति के फागू बेसरा (राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त ), पूर्व विधायक ममता देवी और जिले के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।