हर व्यक्ति, हर परिवार को समान अधिकार देने का काम कर रही सरकार: चंपई सोरेन
हजारीबाग के 11648, रामगढ़ के 4236, चतरा के 7820 और कोडरमा के 4591 लाभुकों मिली स्वीकृति
हजारीबाग: मुख्यमंत्री चंपई सोरेन सोमवार को हजारीबाग में अबुआ आवास योजना अंतर्गत स्वीकृति पत्र वितरण समारोह में शामिल हुए। जहां उन्होंने योजना के तहत हजारीबाग, रामगढ़, चतरा और कोडरमा के दो लाख से अधिक चिन्हित परिवारों में से प्रथम चरण में 28 हजार से अधिक लाभुकों को योजना का लाभ दिया गया। इसमें हजारीबाग के 11,648, कोडरमा के 4,591, चतरा के 7,820 और रामगढ़ के 4,236 लाभुकों को स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया। इससे पूर्व खूंटी और सिमडेगा के करीब आठ हजार, दुमका, जामताड़ा और देवघर के 25,385, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम एवं सरायकेला -खरसावां के 24,827, हजारीबाग, रामगढ़, चतरा और कोडरमा के करीब 28 हजार एवं देवघर, जामताड़ा, दुमका और पलामू प्रमंडल के हजारों लाभुकों को अबतक योजना की स्वीकृति दी गई है।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हर व्यक्ति के समान अधिकार के तहत काम कर रही है। लोगों के जरूरत के अनुरूप कार्य हो रहा है, ताकि राज्यवासियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके। अबुआ आवास योजना में विसंगति की बात अगर आती है तो किसी को चिंता करने की जरूरत नहीं है। सभी चिन्हित जरूरतमंद को पक्का आवास देंगे। वर्ष 2027 तक सभी जरूरतमंद पक्के आवास में ही रहेंगे। सरकार अपने बल पर 20 लाख लोगों को आवास देगी। आने वाले दिनों में एसटी, एससी और सभी महिलाओं को 50 वर्ष की उम्र से पेंशन का लाभ मिलेगा।
समारोह में मंत्री सत्यानंद भोक्ता, बगोदर विधायक विनोद सिंह, हजारीबाग उपायुक्त नैंसी सहाय सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी सहित आम लोग मौजूद रहे।