• आत्महत्या और हत्या में फंसा पेंच
• मृतका के देवर और उसके साथी से पुलिस कर रही पूछताछ
रामगढ़: भुरकुंडा ओपी क्षेत्र के सयाल में शुक्रवार को एक शादीशुदा महिला की संदेहास्पद मौत का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जबकि मृतका के देवर और उसके साथी मनोज मुंडा को पुलिस भुरकुंडा ओपी लाकर पूछताछ कर रही है। मृतका श्वेता देवी (29 वर्ष) पति श्रवण प्रजापति सयाल आठ नंबर की रहनेवाली थी।
घटना के संबंध में मृतका के देवर रवि प्रजापति के द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार सुबह उसका भाई श्रवण प्रजापति काम पर चला गया था। सुबह 10 बजे से पहले वह भी अपने मित्र मनोज मुंडा के घर गया था। इस दौरान घर में श्वेता देवी और उनका तीन वर्षीय छोटा पुत्र घर में थे। कुछ देर बाद रवि अपने दोस्त मनोज को साथ लेकर घर पहुंचा।
रवि प्रजापति के अनुसार वापस लौटने पर भाभी श्वेता देवी का शव घर में फंदे से झूलता पाया। रवि प्रजापति और मनोज मुंडा ने शव को उतारा और अस्पताल ले गये जहां डॉक्टर द्वारा मौत की पुष्टि की। शव को वापस लाया गया। घटना की जानकारी मृतका के मायके वालों को दी गई।
मामले की जानकारी मिलते ही मृतका के माता-पिता सहित अन्य परिजन सयाल पहुंचे। मायकेवालों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। जिसपर भुरकुंडा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। साथ ही मृतका के देवर रवि प्रजापति और मनोज मुंडा को ओपी लाकर पूछताछ कर रही है। वही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
इधर मृतका के मायकेवाले हत्या कर आत्महत्या का रूप देने की प्रबल संभावना जता रहे है। मृतका के शरीर पर खरोंच के कई निशान की भी चर्चा हैं। मायके वालों के अनुसार सुबह 8:30 के लगभग श्वेता से उनकी बात भी हुई थी। सबकुछ बिल्कुल सामान्य था। तकरीबन 10:45 पर बिमार पड़ने की सूचना देकर बुलाया गया। मृतका के पिता अरूण कुमार बैनर्जी निवासी रविदास टोला, कुरूम (रामगढ़) निवासी के अनुसार उनकी पुत्री के साथ कुछ अनहोनी हुई है। उसनें आत्महत्या नहीं किया है।
बताया जाता है कि श्वेता का विवाह 23 मई 2013 में हुआ था।मृतका का पति श्रवण प्रजापति हाइवा चालक है। बगल के घर में उसके ससुर, मंझला देवर और उसकी पत्नी रहते हैं। जबकि छोटा देवर रवि प्रजापति अपने बड़े भाई श्ववण और भाभी श्वेता के साथ रहता था। मृतका अपने पीछे दो पुत्र छोड़ गई है।
इधर, घटना के संबंध में आस पड़ोस के लोग भी साफ तौर पर कुछ बता नहीं पा रहे है। मृतका के शव को फंदे से झूलते उसके देवर और उसके साथी के अलावा और किन लोगों ने देखा यह साफ नहीं हो सका है। फिलहाल पुलिस छानबीन कर रही है। मामंला आत्महत्या का है या हत्या का यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच-पड़ताल के बाद ही साफ ह़ो सकेगा।