भुरकुंडा (रामगढ़): सौंदा डी में छठ पूजा की तैयारी जोर-शोर से चल रही है। छठ पूजा समिति द्वारा नलकारी नदी के निकट पंडाल और मेन रोड पर पांच तोरण द्वार बनाए जा रहे हैं। घाट पर प्रकाश की व्यवस्था और मेन रोड पर आकर्षक विद्युत सज्जा की जा रही है। इसके अलावा जागरण का मंच भी तैयार किया जा रहा है। वहीं जेसीबी के माध्यम से शुक्रवार को नलकारी नदी घाट की साफ-सफाई और समतलीकरण किया गया।

छठ महापर्व की तैयारियों के बीच पतरातू अंचलाधिकारी मनोज कुमार चौरसिया और भुरकुंडा ओपी प्रभारी शिवलाल गुप्ता नलकारी नदी घाट पहुंचे और व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि छठ पूजा के शांतिपूर्ण और सुरक्षित आयोजन को लेकर पुलिस-प्रशासन तत्पर है। आम लोगों की सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे।

15 नवंबर को बहेगी आस्था और भक्ति की बयार 

सौंदा ‘डी’ छठ पूजा समिति की ओर से बताया गया कि आगामी 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य के दिन जागरण का आयोजन किया जाएगा। जागरण दोपहर बाद 03:00 बजे से 09:00 बजे रात तक और सोमवार तड़के सुबह 03:00 बजे से 08:00 बजे सुबह तक जारी रहेगा। जागरण में बोकारो, हजारीबाग और रामगढ़ के कलाकार भक्तिगीतों और भजनों की प्रस्तुति देंगे।