रामगढ़: पुलिस ने ब्लैक मनी को व्हाइट करने के नाम पर धोखाधड़ी करनेवाले अंतर्राज्यीय गिरोह के पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में महाराष्ट्र के उस्तरी, जिला लातूर निवासी धनाश्री सांतेश्वर (40वर्ष) पिता धनाश्री विजय कुमार, यूपी के रसूलपुर जिला गाजीपुर निवासी हैदर अली (57 वर्ष) पिता अब्दुल सत्तार सहित कोर्रा, हजारीबाग निवासी लक्ष्मीकांत (42 वर्ष) पिता अशोक कुमार, अभिराम कुमार स़िह (28 वर्ष) पिता नवीन कुमार सिंह और वैद्यबिगहा, चतरा निवासी राजकुमार पांडेय (36 वर्ष) पिता महेन्द्र पांडेय शामिल हैंं।
मामले का उद्भेदन करते हुए रामगढ़ पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि बीते 13 अगस्त को ब्लैक मनी को व्हाइट करने के नाम पर धोखाधड़ी करनेवाले गिरोह के संबंध में गुप्त सूचना मिली थी। इस संबंध में पतरातू एसडीपीओ के टीम का गठन कर कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया। बरकाकाना में थाना चौक के निकट वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस क्रम में सफेद रंग की बलेनो कार (JH 02 BM 9565) कार को पुलिस ने रूकवाया। पुलिस देख कार पर सवार पांच लोग भागने लगे। जिन्हें खदेड़कर पकड़ लिया गया।
आरोपियों के पास से कार सहित 3 लाख 86 हजार रूपये नकद, दो फर्जी एग्रीमेंट पेपर और 9 मोबाइल जब्त किया गया है। साथ ही लकड़ी के बॉकस में नोट के 14 बंडल जब्त किए गए हैं। जिसके उपर 500 रुपये के एक नोट जबकि बाकी सभी नोट के आकार में कोरे कागज हैं।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी ब्लैक मनी को व्हाइट करने और दोगुने पैसे देने के नाम पर फर्जीवाड़ा करते हैं। जालसाजी के लिए बिजनेस के फर्जी एग्रीमेंट का भी उपयोग करते हैंं। जब कोई व्यक्ति इनके प्रलोभन में फंसता है तो ये लोग मारपीट कर पैसे छीन लेते हैं।

अभियुक्तों के विरुद्ध पतरातू थाना में कांड संख्या 213/24 दिनांक 15.08.24 भारतीय न्याय संहिता की धारा 338/336 (3)/340 (2)/318 (4)/ 316 (2)/61(2) तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। छापेमारी दल में एसडीपीओ पतरातू बिरेंद्र राम, सर्किल इंस्पेक्टर पतरातू योगेंद्र सिंह, बरकाकाना ओपी प्रभारी अख्तर अली, पुअनि विकास आर्यन सदलबल शामिल थे।

