हजारीबाग: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने सोमवार को बड़कागांव अंचल कार्यालय के राजस्व कर्मचारी को 3000 रुपए घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मामला भू स्वामित्व प्रमाण पत्र के एवज में घूस मांगे जाने से संबंधित बताया जाता है।
मिली जानकारी के अनुसार राजस्व कर्मचारी प्रहलाद मांझी द्वारा बड़कागांव अंचल के महुदी गांव निवासी बकाउल्लाह खान (65 वर्ष) पिता स्व. गुलाम नबी खान से भू स्वामित्व प्रमाण पत्र के एवज में 3000 रुपये घूस मांगा जा रहा था। जिसपर बकाउल्लाह खान ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो हजारीबाग को आवेदन देकर इसकी शिकायत की। आवेदन में कहा गया कि उन्होंने अपनी जमीन खाता नंबर 21, प्लॉट नंबर-98, 378, रकवा- 26 डिसमिल का L.P.C के लिये अंचल कार्यालय बड़कागाँव में 10 दिन पहले फार्म जमा किया था। जब वे L.P.C के लिये राजस्व कर्मचारी प्रहलाद मांझी से मिले तो उन्होंने इसके एवज में 3000 रुपये की मांग की।
आवेदन का सत्यापन करते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, हजारीबाग थाना में कांड संख्या 06/2025, दिनांक-18.05.2025 पंजीकृत किया गया। इसके उपरांत ट्रैक टीम का गठन कर योजनाबद्ध तरीके से अभियान चलाया गया। इस क्रम में राजस्व कर्मचारी प्रहलाद मांझी को बकाउल्लाह खान से 3,000 रूपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। खबर लिखे जाने तक पह्लाद मांझी को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी चल रही है।
