रांची: लातेहार पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर अवैध रूप से गांजा लदी एक कार को जब्त किया है। इसके साथ ही गांजा तस्करों द्वारा रेकी करने में उपयोग की जा रही एक अन्य कार को भी जब्त किया है। मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। तीनों अभियुक्त बिहार के रहनेवाले हैं।

मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि लाल और सफेद रंग की दो कार लुकईया मोड़ पर खड़े हैं। लाल रंग की कार (DL 2CQ 5684) में गांजा है और सफेद रंग की कार (BR02BR 9897) में संदिग्ध लोग पुलिस की रेकी कर रहे हैं। सूचना का सत्यापन करते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अरविंद कुमार ने सदलबल छापेमारी की।

इस क्रम में लाल रंग की कार से 30 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। वहीं पुलिस की रेकी के लिए उपयोग की जा रही सफेद रंग की कार को भी जब्त किया गया। साथ ही गांजे की तस्करी करते तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। जिसमें बिहार के रहनेवाले हिमांशु कुमार उर्फ मनीष (22 वर्ष) पिता उमेश सिंह निवासी अमारी जिला औरंगाबाद, हिमांशु कुमार उर्फ प्रशांत (23 वर्ष) पिता सूर्यकांत शर्मा निवासी टेपा, जिला गया और शुभम कुमार (19 वर्ष) पिता नीरज कुमार निवासी भौंरा जिला गया शामिल हैं। पुलिस ने लातेहार थाना में प्राथमिकी दर्ज कर अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

By Admin

error: Content is protected !!