हजारीबाग: भारतीय जनता पार्टी हजारीबाग जिलाध्यक्ष के रूप में विवेकानंद सिंह लगातार दूसरी बार जिलाध्यक्ष मनोनीत किए गए हैं। जिससे भाजपा कार्यकर्ताओं में हर्ष का माहौल है। हजारीबाग के पैराडाइज रिसॉर्ट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष के नाम की घोषणा की गई। अवसर पर हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल, सदर विधायक प्रदीप प्रसाद, हजारीबाग जिले के चुनाव प्रभारी विनोद सिंह सहित सैकड़ों गणमान्य भाजपा नेता और ऊर्जावान कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सांसद मनीष जायसवाल सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने विवेकानंद सिंह को पुष्पगुच्छ भेंटकर और फूल माला पहनाकर दोबारा हजारीबाग भाजपा जिलाध्यक्ष बनने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सांसद मनीष जायसवाल ने संगठन की वर्तमान स्थिति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जिस विश्वास के साथ विवेकानंद सिंह को दोबारा अध्यक्ष बनाया है, वे निश्चित रूप से उस ज़िम्मेवारी को पूर्ण निष्ठा के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि विश्वास है कि विवेकानंद सिंह एक ऐसी टीम का निर्माण करेंगे जो भाजपा हजारीबाग को नई ऊंचाई तक लेकर जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर हम चुनाव के दृष्टिकोण से देखें तो हजारीबाग के सभी सीटों पर जिला परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सांसद और जिले के सभी विधानसभा क्षेत्र के सभी विधायक भाजपा के हैं, जो यह दर्शाता है कि हजारीबाग का भाजपा संगठन अपने चरम पर है और पूर्ण रूप से मजबूत है।
उन्होंने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि मैं आशा करूंगा कि इस प्रदर्शन को भविष्य में हमेशा दोहराया जाता रहे, ताकि इस प्रदेश और देश के निर्माण में हजारीबाग का नेतृत्व भाजपा के द्वारा हो। सांसद मनीष जायसवाल ने भाजपा की आंतरिक लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा की भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है जहां कौन क्या बनेगा, ये कार्यकर्ता जानते हैं और तय करते हैं। आप देखेंगे कि मंडल स्तर पर मंडल अध्यक्षों का चुनाव, जिला स्तर पर जिला अध्यक्ष का चुनाव और इसके आगे प्रदेश अध्यक्ष व राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव कितने लोकतांत्रिक तरीके से होता है। विश्व की सबसे बड़ी पार्टी होने के बावजूद यह अपने लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखती है।
